उत्तर प्रदेश 6 अक्टूबर 2026
अलवारा में काली माता की मूर्ति खंडित, गर्दन और हाथ तोड़े जाने से ग्रामीणों में आक्रोश
कौशाम्बी । महेवा घाट थाना क्षेत्र के अलवारा गांव स्थित प्राचीन काली माता मंदिर में रविवार रात अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ कर मां काली की मूर्ति खंडित कर दी। सोमवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने मूर्ति की गर्दन और हाथ टूटे देखे तो घटना की खबर पूरे गांव में फैल गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई।ग्रामीणों के अनुसार काली माता का यह धार्मिक स्थल काफी पुराना है। पहले पीपल के पेड़ के नीचे श्रद्धालु पूजा-पाठ करते थे। करीब चार वर्ष पहले गांव निवासी बीएसएफ जवान नरेश सरोज ने यहां मंदिर का निर्माण कराया था। तब से प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं।सोमवार सुबह मंदिर पहुंचे लोगों ने देखा कि मां काली की मूर्ति की गर्दन तोड़कर धड़ से अलग कर दी गई थी। मूर्ति के हाथ भी क्षतिग्रस्त थे। इतना ही नहीं, मां काली के हाथ में मौजूद राक्षस की प्रतिमा को भी तोड़ दिया गया था। धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए।सूचना पर महेवा घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मूर्ति खंडित करने वालों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है और आरोपियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
इसे भी पढ़ो
युवक की हत्या के आरोप में दो के खिलाफ एफआईआर, रेलवे पटरी के किनारे मिला था शव
कौशाम्बी । पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के डकशरीरा गांव निवासी राजू की मौत के मामले में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की है। मृतक की मां रामरती ने आरोप लगाया है कि 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर उनके बेटे की हत्या की गई और शव को रेलवे पटरी के किनारे फेंक दिया गया।तहरीर के अनुसार राजू अपने पिता के साथ गुजरात के राजकोट में काम करने गया था। वहां कुछ युवकों से रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह वापस घर लौट आया था। आरोप है कि 30 सितंबर को घर आने के बाद भी उससे 15 हजार रुपये देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसके बाद उसका शव सिराथू रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर रेलवे पटरी के किनारे मिला।शव मिलने के अगले दिन पहचान होने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित परिजनों ने महेवाघाट क्षेत्र के अजरौली गांव स्थित कौशाम्बी-राजापुर हाईवे पर प्रदर्शन भी किया था। मामले में पश्चिम शरीरा पुलिस ने डकशरीरा निवासी अतुल और करारी थाना क्षेत्र के कांटी निवासी सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ो

ऑपरेशन चक्रव्यूह में वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार, पुलिस ने न्यायालय भेजा
कौशाम्बी । जनपद में अपराधियों, वांछितों और न्यायालय से जारी वारंट वाले अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मंझनपुर पुलिस ने एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस की ओर से वारंटियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, इसी क्रम में टीम को यह सफलता मिली।पुलिस के अनुसार मंझनपुर पुलिस टीम ने मिथिलेश कुमार पुत्र मूलायम सिंह, निवासी भेलखा, थाना मंझनपुर, कौशाम्बी को वाद संख्या 14/2026 से संबंधित वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वांछित और वारंटी अभियुक्तों की जानकारी जुटाकर उनकी गिरफ्तारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। मंझनपुर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद वारंटियों में भी पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।
इसे भी पढ़ो

हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी तमंचा-कारतूस के साथ गिरफ्तार
कौशाम्बी । अपराधियों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत करारी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक अभियुक्त को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से आपराधिक मामलों में वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और मजबूती मिली है पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर करारी पुलिस टीम ने जमालपुर चौराहे के पास घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में मौजूद अरमान पुत्र समीमुद्दीन उर्फ गुड्डू, निवासी मरियाडीह, थाना पूरामुफ्ती, प्रयागराज को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी हत्या के प्रयास से संबंधित मुकदमे में वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद बरामद अवैध तमंचे और कारतूस के संबंध में भी कार्रवाई की गई। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में वांछित आरोपियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।


