ऑपरेशन चक्रव्यूह में कौशाम्बी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह अभियुक्त गिरफ्तार और एक बाल अपचारी अभिरक्षा में, चोरी का सामान व तमंचा-कारतूस बरामद
कौशाम्बी। जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कौशाम्बी पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी तमंचा, कारतूस, चोरी का इनवर्टर, बैटरी, कवर और नकदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में नाबालिग से दुष्कर्म, चोरी, नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले के वांछित आरोपी भी शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ फोटो वायरल होने पर युवक गिरफ्तार
थाना मोहब्बतपुर पइंसा क्षेत्र में तमंचे के साथ एक युवक का फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। 17 नवंबर को फोटो संज्ञान में आने पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर जगन्नाथपुर इदगाह पुलिया के पास से अमन कुमार पुत्र मोहन लाल निवासी उदहिन बुजुर्ग को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस मामले में थाना मोहब्बतपुर पइंसा में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
थाना कौशाम्बी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे पवन कुमार पुत्र गेंद लाल निवासी मलियन का डेरा, थाना पश्चिम शरीरा को विदांव नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध थाना कौशाम्बी में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब एक और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है।
घर में घुसकर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी अभिरक्षा में
थाना महेवाघाट क्षेत्र के अलवारा गांव में घर से सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया है। गांव निवासी नत्थू प्रसाद ने 16 नवंबर को पुलिस को सूचना दी थी कि वह परिवार के साथ पानीपत में रह रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर इनवर्टर, बैटरी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अलवारा पुलिया के पास से सुनील कुमार पुत्र जगन्नाथ और सत्येन्द्र उर्फ नवल पुत्र हरिश्चन्द्र, दोनों निवासी ग्राम अलवारा, को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी का इनवर्टर, बैटरी, उसका कवर और 3970 रुपये बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले वे छत के रास्ते घर में घुसे थे और अल्टीनेटर, स्टेपलाइजर, इनवर्टर तथा बैटरी चोरी की थी। चोरी किए गए अल्टीनेटर और स्टेपलाइजर को उन्होंने एक राह चलते कबाड़ी को 14,200 रुपये में बेच दिया था। रकम आपस में बांटने के बाद इनवर्टर और बैटरी बेचने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, बरामद 3970 रुपये चोरी के सामान को बेचने से मिली रकम में से बचे हुए थे।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में चित्रकूट का आरोपी गिरफ्तार
थाना पश्चिम शरीरा पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित कमलेश कुमार पुत्र कामता प्रसाद निवासी बरिया, जनपद चित्रकूट को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे बरौली नहर पुलिया के पास से पकड़ा। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें विवेचना के दौरान पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई थीं।
गेस्ट हाउस संचालक की आत्महत्या के मामले में मालिक गिरफ्तार
थाना पश्चिम शरीरा क्षेत्र में गेस्ट हाउस संचालक निगम केशरवानी उर्फ विश्वास की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी विनोद कुमार उर्फ बबलू केशरवानी पुत्र स्वर्गीय हीरालाल केशरवानी निवासी पूरब शरीरा को गिरफ्तार किया है। उसे दंगल मैदान, पश्चिम शरीरा के पास से पकड़ा गया।
मृतक के भाई शुभम केशरवानी निवासी नई बाजार ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया था कि उनके भाई ने गांव में हीरालाल गेस्ट हाउस किराये पर लेकर संचालित किया था। आरोप है कि गेस्ट हाउस के मालिक ने तय समय से पहले उसे किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया और मृतक का सामान भी वापस नहीं किया। इसको लेकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। तहरीर के अनुसार, इन्हीं परिस्थितियों से क्षुब्ध होकर निगम केशरवानी ने 16 और 17 नवंबर की मध्यरात्रि फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मामले में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत हुई इन कार्रवाइयों में पुलिस ने अलग-अलग मामलों के वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामदगी की है। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।


