74 ग्राम सभाओं की सफाई का जिम्मा संभालने वाला पंचायत विभाग अपना परिसर तक नहीं रख पा रहा स्वच्छ, नेवादा ब्लॉक में कूड़े के ढेर ने खोली व्यवस्था की पोल
कौशाम्बी। 74 ग्राम सभाओं में स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी का जिम्मा उठाने वाला पंचायत विभाग अपने ही विकासखंड परिसर को साफ रखने में नाकाम है। नेवादा ब्लॉक परिसर में जगह-जगह जमा कूड़े के ढेर विभागीय निगरानी और जिम्मेदारी के दावों की हकीकत उजागर कर रहे हैं। गांवों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी निभाने वाले विभाग के अपने परिसर का यह हाल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे परिसर पहुंची टीम को कई स्थानों पर पुराने कूड़े के ढेर मिले। गंदगी की स्थिति देखकर स्पष्ट था कि परिसर की नियमित सफाई को लेकर जिम्मेदारों ने गंभीरता नहीं दिखाई। परिसर में फैली गंदगी न केवल स्वच्छता व्यवस्था की अनदेखी दर्शाती है, बल्कि विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाती है। सवाल यह है कि जब पंचायत विभाग अपने ही कार्यालय परिसर को स्वच्छ नहीं रख पा रहा तो 74 ग्राम सभाओं की सफाई व्यवस्था की निगरानी कितनी गंभीरता से करता होगा?
निरीक्षण के दौरान सहायक पंचायत विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार शुक्ला भी कार्यालय परिसर में मौजूद नहीं मिले। कर्मचारियों ने बताया कि वह प्रयागराज में रहते हैं और वहीं से विकासखंड आते हैं। टीम उनसे संपर्क कर उनका पक्ष नहीं जान सकी। ऐसे में अधिकारी की नियमित उपस्थिति और कार्यालयीन जिम्मेदारियों के निर्वहन को लेकर भी जवाबदेही तय किए जाने की जरूरत है।
मामला केवल परिसर में कूड़ा जमा होने तक सीमित नहीं है। असल सवाल यह है कि सफाई की जिम्मेदारी किस कर्मचारी को सौंपी गई है, नियमित निगरानी कौन करता है और लंबे समय से जमा गंदगी के लिए जवाबदेह कौन है? क्या परिसर की सफाई के लिए कोई नियमित व्यवस्था निर्धारित है और यदि है तो उसका पालन क्यों नहीं हो रहा? जिला प्रशासन को परिसर की सफाई कराने के साथ जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय करनी चाहिए। गांवों में स्वच्छता का पाठ पढ़ाने वाले विभाग के अपने परिसर में गंदगी का अंबार उसकी कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान है।


