उत्तर प्रदेश 1 अक्टूबर 2026
नाबालिग से छेड़खानी के आरोपी को तीन वर्ष का कठोर कारावास, 20 हजार रुपये जुर्माना
कौशाम्बी । नाबालिग से छेड़खानी और गाली-गलौज के मामले में अदालत ने आरोपी को दोषी पाते हुए तीन वर्ष के कठोर कारावास और 20 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। यह सजा 30 सितंबर 2026 को जनपद कौशाम्बी की अदालत ने सुनाई।पुलिस के अनुसार, 2 जनवरी 2018 को थाना पश्चिम शरीरा में पीड़िता की ओर से तहरीर दी गई थी। आरोप था कि कयूम ने उसके साथ छेड़खानी की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 03/2018 में धारा 354ख, 506 भादवि, 7/8 पॉक्सो एक्ट तथा 3(2)5क एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था।विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। मामले को शासन द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत कौशाम्बी पुलिस की मॉनिटरिंग सेल द्वारा प्रभावी पैरवी के साथ आगे बढ़ाया गया। अभियोजन पक्ष की पैरवी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी कयूम पुत्र बोडी मियां, निवासी पलरा, थाना पश्चिम शरीरा, जनपद कौशाम्बी को दोषी ठहराते हुए तीन वर्ष के कठोर कारावास तथा 20 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है।



