उत्तर प्रदेश 02 अक्टूबर 2026
शादी का भरोसा देकर मुंबई-नोएडा ले जाने का आरोप, नकदी-जेवर हड़पकर युवती को छोड़ा
कौशाम्बी ब्यूरो। मंझनपुर थाना क्षेत्र के अम्बांवा पश्चिम गांव की रहने वाली एक युवती ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर गांव के ही युवक पर शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने, नकदी और जेवर हड़पने तथा शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है।पीड़िता की शिकायत के अनुसार नितिन कुमार पुत्र निरंजन कुमार ने उसे शादी करने का भरोसा दिया था। आरोप है कि 12 अगस्त 2026 को युवक उसे अपने साथ लेकर मुंबई चला गया और बाद में दोनों नोएडा पहुंचे। युवती का आरोप है कि इस दौरान उसके घर से लाई गई करीब तीन लाख रुपये की नकदी तथा लाखों रुपये कीमत के सोने के जेवर आरोपी ने अपने कब्जे में ले लिए।शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि करीब एक महीने तक आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और शादी का भरोसा देता रहा। आरोप है कि जब नकदी और जेवर खत्म हो गए तो युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसे वापस घर छोड़ दिया गया।पीड़िता का कहना है कि उसने आरोपी पर भरोसा करके उसके साथ जीवन बिताने का फैसला किया था, लेकिन बाद में उसे कथित तौर पर आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ा। युवती ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह अपनी जान देने जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर हो सकती है। मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी पीड़िता की ओर से सवाल उठाए गए हैं। अब पीड़िता ने जिला पुलिस प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग की है।


