उत्तर प्रदेश 02 अक्दुबर 2026
कौशाम्बी । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर राष्ट्रसेवा, सादगी और आदर्शों की स्मृतियों से सराबोर रहा। राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के साथ दिनभर विभिन्न कार्यक्रम हुए। उदयन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धा निवेदित की। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व तथा देश के लिए किए गए योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान जब ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ के सामूहिक स्वर सभागार में गूंजे तो वातावरण श्रद्धा और आत्मीयता से भर गया। महात्मा गांधी के जीवन का सत्य, अहिंसा और मानवता का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर विशेष रूप से चर्चा हुई।वक्ताओं ने कहा कि इन दोनों विभूतियों की महानता केवल उनके सार्वजनिक जीवन तक सीमित नहीं थी, बल्कि उनके विचारों और आचरण में भी दिखाई देती थी। कठिन परिस्थितियों में भी सिद्धांतों से समझौता न करना और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना उनके जीवन की प्रमुख विशेषता रही। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके बताए मूल्यों को आत्मसात करने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर एवं ओम प्रकाश सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



