उत्तर प्रदेश 2अक्टूबर 2026
गांधी जयंती पर कदमों ने लिखी कामयाबी की इबारत, अरबिन्द सिंह और कोमल मौर्या ने जीती 3 किमी वॉक रेस
कौशाम्बी । गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल प्रतिभाओं का उत्साह देखते ही बना। जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित जिला स्तरीय 3 किलोमीटर वॉक रेस में बालक-बालिका वर्ग के 116 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। पसीने और परिश्रम से सजे इस मुकाबले में बालक वर्ग में अरबिन्द सिंह और बालिका वर्ग में कोमल मौर्या ने सबसे आगे निकलकर प्रथम स्थान हासिल किया।प्रतियोगिता में बालक वर्ग के 86 और बालिका वर्ग की 30 खिलाड़ियों ने भाग लिया। आयोजन की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर का कोमल मौर्या ने बैच लगाकर स्वागत किया, जबकि उप-क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद कल्पना सोनकर ने हरी झंडी दिखाकर बालिका वर्ग की रेस को रवाना किया। कुछ ही क्षणों में खिलाड़ियों के कदम लक्ष्य की ओर बढ़ चले और स्टेडियम का वातावरण उत्साह से भर उठा।इसके बाद ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. अरुण केशरवानी ने बालक वर्ग के प्रतिभागियों को रवाना किया। रेस के दौरान खिलाड़ियों के बीच आगे निकलने की होड़ दिखाई दी। प्रत्येक प्रतिभागी ने निर्धारित दूरी पूरी करने के लिए अपनी पूरी ऊर्जा लगा दी। खेल मैदान पर प्रतिस्पर्धा के साथ अनुशासन और खेल भावना भी दिखाई दी।आयोजन में इंडिया टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट (ISPL) के खिलाड़ी ज़ैद खान की मौजूदगी ने युवा खिलाड़ियों का ध्यान खींचा। उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद कर क्रिकेट की तकनीक और खेल की बारीकियों से परिचित कराया। उनके अनुभवों से खिलाड़ियों को खेल जगत की प्रतिस्पर्धा और निरंतर अभ्यास के महत्व की जानकारी मिली।कार्यक्रम के समापन पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा की घोषणा की। उन्होंने स्पोर्ट्स स्टेडियम में अपनी ओर से आरओ वाटर सिस्टम उपलब्ध कराने की बात कही, ताकि खिलाड़ियों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सके। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।इस बीच खेलो इंडिया के प्रशिक्षक संदीप कुमार ने बताया कि 4 अक्टूबर को कौशाम्बी स्टेडियम के दो खिलाड़ी वॉक रेस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए लखनऊ जाएंगे। जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए यह अवसर आगे बढ़ने का एक और मंच साबित होगा।प्रतियोगिता के परिणाम में बालक वर्ग में अरबिन्द सिंह ने प्रथम, सचिन ने द्वितीय, लालचन्द ने तृतीय, जितेन्द्र ने चतुर्थ, मेजर ने पंचम और आर्यन ने छठा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में कोमल मौर्या प्रथम, अनुष्का द्वितीय, माया देवी तृतीय, मोनिका चतुर्थ, मुस्कान पंचम और रोशनी छठे स्थान पर रहीं।आयोजन के दौरान अरविंद मौर्या, मनोज, खेलो इंडिया प्रशिक्षक संदीप कुमार, प्रवेश कुमार और रमन सिंह सहित खेल विभाग से जुड़े अधिकारी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में जिला क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने प्रतिभागियों, निर्णायक मंडल और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


