
27 सितंबर 2026
उत्तरप्रदेश कौशाम्बी । जनपद में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने कैंप कार्यालय में जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों के साथ मासिक समीक्षा गोष्ठी की। इस दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों के निस्तारण और आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था समेत विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित प्रार्थना पत्रों, आईजीआरएस प्रकरणों, विवेचनाओं तथा जेडएफडी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का केवल निस्तारण करने के बजाय उनकी जांच को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं की अलग-अलग स्थिति की समीक्षा करते हुए जिन मामलों में कार्रवाई शेष है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया गया।एसपी ने अपराध नियंत्रण को लेकर क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने सर्किल में अपराधियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की नियमित मौजूदगी, भ्रमण और निगरानी बढ़ाने को कहा गया, ताकि कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।थाना स्तर की कार्यप्रणाली पर भी समीक्षा के दौरान विशेष जोर रहा। सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने सर्किल के थानों की नियमित समीक्षा करने, लंबित मामलों की प्रगति पर नजर रखने तथा शासन और उच्चाधिकारियों के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।त्योहारों पर संवेदनशील स्थानों की निगरानी के निर्देशआगामी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्रवार सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। संवेदनशील स्थानों और धार्मिक स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ आयोजकों तथा स्थानीय लोगों से निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी सूचना अथवा अप्रिय घटना की जानकारी मिलने पर बिना विलंब आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।मासिक समीक्षा गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह समेत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्रवार निगरानी और पुलिस व्यवस्था को प्रभावी रखने पर जोर दिया गया।


