पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय में की जनसुनवाई, फरियादियों की शिकायतों पर निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
कौशाम्बी। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। उन्होंने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की ओर से प्रस्तुत शिकायती प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लिया और संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले में निष्पक्षता के साथ जांच कराई जाए। शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और पीड़ितों को समयबद्ध तरीके से राहत उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की शिकायतों का निस्तारण पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए। संबंधित अधिकारी शिकायत की प्रकृति और गंभीरता को समझते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाए, ताकि उसे अपनी समस्या के समाधान की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारित किया जाए। पुलिस का उद्देश्य केवल शिकायत सुनना नहीं, बल्कि पीड़ित को न्यायोचित राहत उपलब्ध कराना होना चाहिए।
🔴 इसे भी पढ़ें
परिवार परामर्श केंद्र की पहल से दो दंपतियों के बीच दूर हुए मतभेद, काउंसलिंग के बाद फिर साथ रहने को हुए राजी
कौशाम्बी। पारिवारिक विवादों के कारण अलगाव की स्थिति तक पहुंच चुके दंपतियों के बीच आपसी समझ और संवाद स्थापित कर परिवारों को टूटने से बचाने के लिए कौशाम्बी पुलिस का परिवार परामर्श केंद्र लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित काउंसलिंग के दौरान आठ प्रार्थना पत्रों से संबंधित पति-पत्नी को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं। आपसी बातचीत और समझाइश के बाद दो मामलों में पति-पत्नी तथा उनके परिजनों के बीच सहमति बन गई। दोनों पक्ष पुराने मतभेद भुलाकर फिर से साथ रहने के लिए राजी हो गए।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मंझनपुर के पर्यवेक्षण में परिवार परामर्श केंद्र में यह काउंसलिंग आयोजित की गई। परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी अर्चना चौबे और पुलिस टीम ने आठ प्रार्थना पत्रों से संबंधित दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी। काउंसलिंग के दौरान पति-पत्नी को एक-दूसरे की समस्याओं और परिस्थितियों को समझने का अवसर दिया गया।
परामर्श केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों को पारिवारिक जिम्मेदारियों, आपसी विश्वास, सम्मान और सामंजस्य के महत्व के बारे में समझाया। लगातार संवाद और समझाइश के बाद दो प्रकरणों में पति-पत्नी तथा उनके परिजनों के बीच सहमति बन गई। दोनों पक्षों ने पुराने विवादों को पीछे छोड़कर साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद परिवार परामर्श केंद्र की ओर से उनका आपसी सुलह-समझौता कराया गया।
समझौते के बाद दोनों पक्षों को भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने देने और पारिवारिक जीवन में प्रेमपूर्ण वातावरण बनाए रखने की सलाह दी गई। साथ ही आपसी विश्वास और जिम्मेदारियों के साथ दांपत्य जीवन आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। दोनों मामलों में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराते हुए फीडबैक के लिए अगली तिथि भी निर्धारित की गई। शेष छह प्रकरणों में दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाने के कारण आगे की काउंसलिंग के लिए दूसरी तिथि तय की गई।
इस दौरान परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति, महिला सशक्तिकरण तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। उन्हें मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता बताई गई। महिलाओं को आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 1090 एवं 181, बाल सहायता के लिए 1098 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 नंबर की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही महिला हेल्पडेस्क और एंटी रोमियो टीम की कार्यप्रणाली के बारे में भी बताया गया, ताकि महिलाएं और बालिकाएं किसी भी तरह की परेशानी होने पर बिना संकोच पुलिस की सहायता प्राप्त कर सकें।
कौशाम्बी पुलिस के अनुसार परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से पारिवारिक विवादों को संवाद और आपसी सहमति से सुलझाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है, जिससे परिवारों में आपसी सौहार्द बना रहे और विवादों के कारण दांपत्य जीवन प्रभावित न हो।


