Homeक्राइमपुलिस लाइन में एसपी ने परखी पुलिस बल की दक्षता, परेड की...

पुलिस लाइन में एसपी ने परखी पुलिस बल की दक्षता, परेड की सलामी लेकर मेस से शस्त्रागार तक व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

पुलिस लाइन में एसपी ने परखी पुलिस बल की दक्षता, परेड की सलामी लेकर मेस से शस्त्रागार तक व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

कौशाम्बी ब्यूरो। पुलिस बल की शारीरिक दक्षता, अनुशासन और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन कौशाम्बी में साप्ताहिक परेड आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने परेड की सलामी लेकर टोलीवार पुलिसकर्मियों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के टर्नआउट, अनुशासन, शारीरिक क्षमता और कार्यकुशलता का जायजा लिया।

परेड के दौरान पुलिसकर्मियों को दौड़ कराई गई और अलग-अलग टोलियों में ड्रिल का अभ्यास कराया गया। एसपी ने नियमित अभ्यास के माध्यम से शारीरिक दक्षता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित मेस का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई परखी। पुलिस लाइन कार्यालय, गणना कार्यालय, एमटी शाखा, परिवहन शाखा और शस्त्रागार में अभिलेखों तथा संसाधनों की स्थिति देखी। डायल-112 वाहनों का निरीक्षण करते हुए उनकी कार्यशीलता और रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि आपातकालीन सेवाओं में लगे वाहन हमेशा दुरुस्त रहें, जिससे सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच सके।

एसपी ने एस्कॉर्ट डॉग एवं डॉग स्क्वॉड की कार्यप्रणाली भी देखी। उनके खान-पान, प्रशिक्षण और रखरखाव की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को देखभाल में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस लाइन में स्वच्छता, अनुशासन और पुलिसकर्मियों को उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

🔴 इसे भी पढ़ें

दंगा और बलवा की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल, एसपी ने परखी पुलिस की तैयारियां

कौशाम्बी ब्यूरो। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण अभ्यास कराया गया। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, दंगा और बलवा जैसी परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिलाया।

13 नवम्बर को आयोजित अभ्यास में पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। अलग-अलग पुलिस टुकड़ियों की जिम्मेदारी, आपसी समन्वय और निर्धारित रणनीति के अनुसार कार्रवाई करने का अभ्यास कराया गया।

एसपी ने कहा कि किसी भी अप्रिय परिस्थिति में पुलिसकर्मियों को संयम, सतर्कता और अनुशासन बनाए रखते हुए कानून के दायरे में कार्रवाई करनी चाहिए। भीड़ नियंत्रण के दौरान आवश्यकता के अनुरूप न्यूनतम बल का प्रयोग और निर्धारित प्रक्रिया का पालन अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि आकस्मिक घटनाओं के समय तत्काल निर्णय लेकर प्रभावी कार्रवाई करने के लिए नियमित अभ्यास जरूरी है। पुलिस बल की तैयारियों को परखने और आपसी समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभ्यास कराया गया।

🔴 इसे भी पढ़ें

पुलिस कार्यालय में एसपी की जनसुनवाई, फरियादियों की शिकायतों पर निष्पक्ष जांच और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

कौशाम्बी ब्यूरो। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

13 नवम्बर को आयोजित जनसुनवाई में फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। एसपी ने थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। पीड़ितों को बार-बार कार्यालयों और थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक मामले में शिकायत की प्रकृति के अनुसार उचित कार्रवाई की जाए।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने और शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता तथा जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।

🔴 इसे भी पढ़ें

परिवार परामर्श केंद्र में आठ दंपतियों की काउंसलिंग, दो परिवारों में आपसी सहमति से सुलझा विवाद

कौशाम्बी ब्यूरो। पारिवारिक विवादों को बातचीत और आपसी समझौते के माध्यम से सुलझाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कौशाम्बी पुलिस के परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देशन में कुल आठ प्रकरणों में पति-पत्नी और उनके परिजनों की समस्याएं सुनी गईं। इनमें दो मामलों में दोनों पक्षों की सहमति से सुलह-समझौता कराया गया।

काउंसलिंग के दौरान पारिवारिक मतभेदों को समझते हुए दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराया गया। परामर्श केंद्र के प्रयासों से दो दंपति आपसी विवाद समाप्त कर साथ मिलकर पारिवारिक जीवन आगे बढ़ाने के लिए सहमत हुए।

दोनों पक्षों को प्रेम, विश्वास और आपसी सम्मान के साथ जीवन व्यतीत करने की सलाह दी गई।

इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी तरह के उत्पीड़न अथवा आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही मतदान के प्रति जागरूक करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम में हेल्पलाइन नंबर 112, 1076, 1090, 181, 1930, 1098 और 102 की जानकारी दी गई। इन नंबरों के माध्यम से पुलिस सहायता, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की शिकायत, बाल संरक्षण और स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन सेवाओं का लाभ लेने के बारे में बताया गया।

🔴 इसे भी पढ़ें

अतरसुइया में नालियां जाम, सड़कों पर बह रहा गंदा पानी; सफाई बजट से लेकर एडीओ पंचायत, बीडीओ और जिला पंचायत राज अधिकारी की निगरानी तक जांच की मांग

कौशाम्बी ब्यूरो। विकास खण्ड कौशाम्बी की ग्राम पंचायत अतरसुइया में बदहाल सफाई व्यवस्था ने पंचायत राज विभाग की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव की नालियां गंदे पानी से भरी हैं और दूषित पानी गलियों तथा सड़कों पर फैलकर कीचड़ में तब्दील हो रहा है। ग्रामीणों को रोजाना इसी बदहाल रास्ते से आवागमन करना पड़ रहा है।

मौके की तस्वीरों में टूटी सड़क, नालियों में जमा गंदा पानी और जलनिकासी की अव्यवस्थित स्थिति साफ दिखाई दे रही है। यह स्थिति केवल ग्राम पंचायत की सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि विकास खण्ड स्तर पर होने वाली विभागीय निगरानी की भी परीक्षा ले रही है।

उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम, 1947 की धारा 15 में ग्राम पंचायत के स्वच्छता संबंधी दायित्व निर्धारित हैं। ऐसे में अतरसुइया में दिखाई दे रही स्थिति के बीच ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की जिम्मेदारी की जांच जरूरी है। सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, नाली सफाई के अभिलेख और स्वच्छता मद में खर्च धनराशि का मौके पर सत्यापन कराया जाना चाहिए।

मामले में एडीओ पंचायत की निगरानी और समयबद्ध उपस्थिति भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। प्रयागराज में रहने वाले एडीओ पंचायत के विकास खण्ड कार्यालय पहुंचने का समय, उपस्थिति पंजिका और क्षेत्रीय भ्रमण रजिस्टर की जांच से स्पष्ट हो सकता है कि पंचायतों की निगरानी के लिए अधिकारी कितने समय उपलब्ध रहते हैं।

वहीं खण्ड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है। पंचायतों के विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था की समीक्षा के बावजूद गांव में गंदगी का यह आलम क्यों बना हुआ है? जिला पंचायत राज अधिकारी की जिम्मेदारी है कि जिले की पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था और विभागीय निगरानी का सत्यापन कराएं।

जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से मांग है कि अतरसुइया की सफाई व्यवस्था की स्थलीय जांच कराई जाए। सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, नाली सफाई के अभिलेख, भुगतान और स्वच्छता मद में खर्च बजट का मिलान कराया जाए। साथ ही एडीओ पंचायत, बीडीओ और जिला पंचायत राज अधिकारी की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा हो तथा लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय की जाए।

नालियों में जमा दूषित पानी से मच्छरों और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए तत्काल सफाई, जलनिकासी और क्षतिग्रस्त रास्ते की मरम्मत जरूरी है। सरकारी अभिलेखों में सफाई के दावे और मौके की बदहाली के बीच अंतर है तो उसकी जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।

🔴 इसे भी पढ़ें

इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में कौशाम्बी के 538 युवाओं ने कराया पंजीकरण, 63 कौशल विधाओं में प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मौका

कौशाम्बी ब्यूरो। जनपद के युवाओं को अपनी तकनीकी दक्षता और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलने जा रहा है। इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2026-27 के लिए कौशाम्बी के 538 युवाओं ने पंजीकरण कराया है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 15 नवम्बर से 16 दिसम्बर 2026 तक राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिराथू में आयोजित होगी।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय तथा राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के दिशा-निर्देशों के तहत होने वाली इस प्रतियोगिता में कुल 63 कौशल विधाएं शामिल की गई हैं।

इनमें वेल्डिंग, सीएनसी टर्निंग और ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी जैसी तकनीकी विधाओं के साथ वेब टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी, ग्राफिक डिजाइन, रोबोटिक्स, फैशन टेक्नोलॉजी और हेल्थकेयर जैसे आधुनिक क्षेत्र शामिल हैं।

जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन यजुवेन्द्र नाथ ने बताया कि पंजीकृत युवा अपनी-अपनी विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की दक्षता निखारना और उन्हें रोजगार तथा स्वरोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है। इसके माध्यम से प्रतिभाशाली युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

🔴 इसे भी पढ़ें

जनगणना-2027: 16 नवम्बर से घर बैठे ऑनलाइन भर सकेंगे परिवार का विवरण, 30 नवम्बर तक चलेगी स्वगणना

कौशाम्बी ब्यूरो। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जनपदवासियों को अपने परिवार का विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा दी जा रही है। स्वगणना की प्रक्रिया 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक चलेगी। इसके बाद एक दिसम्बर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचकर दर्ज जानकारियों का सत्यापन करेंगे।

ऑनलाइन स्वगणना के लिए नागरिकों को जनगणना स्वगणना पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन के बाद भाषा चुनकर परिवार के मुखिया का नाम और आवश्यक विवरण भरना होगा।

इसके बाद मकान संख्या, पूरा पता, निवास स्थान और परिवार के सदस्यों की संख्या सहित मांगी गई जानकारियां दर्ज करनी होंगी। यदि परिवार प्रथम चरण में दर्ज मकान में नहीं रह रहा है तो पोर्टल पर उपलब्ध नक्शे में वर्तमान निवास स्थान चिह्नित करना होगा।

फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों की जांच और सुधार किया जा सकेगा। अंतिम रूप से सबमिट होने के बाद बदलाव नहीं किया जा सकेगा। स्वगणना पूरी होने पर विशेष स्वगणना पहचान संख्या यानी एसई आईडी मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना होगा और घर-घर सत्यापन के दौरान जनगणना कर्मियों को उपलब्ध कराना होगा।

परिवार के सभी सदस्यों का विवरण एक ही फॉर्म में परिवार का कोई एक सदस्य दर्ज कर सकता है। अलग-अलग सदस्यों को अलग फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं होगी। जो परिवार ऑनलाइन स्वगणना नहीं करेंगे, उनका विवरण जनगणना कर्मी घर पहुंचकर मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज करेंगे।

अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने जनपदवासियों से निर्धारित अवधि में स्वगणना पूरी करने और जनगणना-2027 को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।

🔴 इसे भी पढ़ें

यातायात माह में मोहब्बतपुर पइंसा, उदहिन बाजार और अनेठा मोड़ पर निकली जागरूकता रैली, हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति किया सचेत

कौशाम्बी ब्यूरो। यातायात माह के तहत शुक्रवार को थाना मोहब्बतपुर पइंसा पुलिस ने क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। रैली मोहब्बतपुर पइंसा, उदहिन बाजार और अनेठा मोड़ पर निकाली गई।

पुलिस टीम ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की अपील की। इसके साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और तेज रफ्तार से बचने की हिदायत दी गई।

पुलिसकर्मियों ने बताया कि यातायात नियमों की अनदेखी चालक के साथ सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है। छोटी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

इस दौरान नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी भी दी गई। अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और फर्जी संदेशों से सतर्क रहने तथा ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

पुलिस ने लोगों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

🔴 इसे भी पढ़ें

ऑपरेशन चक्रव्यूह: कोखराज पुलिस ने कुल्हाड़ी से हमले की आरोपी रीता देवी को किया गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

कौशाम्बी ब्यूरो। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कोखराज पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित अभियुक्ता रीता देवी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे परास पुल के पास से पकड़ा। वह रामपुर सुहेला गांव की निवासी है।

पुलिस के अनुसार, 11 नवम्बर 2026 को लल्लू सिंह पुत्र टुज्जे निवासी रामपुर सुहेला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पारिवारिक विवाद के दौरान उनकी बहू रीता देवी ने गाली-गलौज करते हुए उनके पुत्र अतर सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

शिकायत के आधार पर थाना कोखराज में मुकदमा अपराध संख्या 595/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 351(3) और 109(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था।

13 नवम्बर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्ता रीता देवी पत्नी अतर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर रही है।

🔴 इसे भी पढ़ें

हत्या के प्रयास के मामले में वांछित गोलू गिरफ्तार, मंझनपुर पुलिस ने दुगिया मदीर के पास से दबोचा

कौशाम्बी ब्यूरो। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत थाना मंझनपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित अभियुक्त गोलू पुत्र गया प्रसाद उर्फ मोदी निवासी चमनगंज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे दुगिया मदीर के पास से पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, खुर्शीद पुत्र स्वर्गीय कब्बन निवासी गांधी नगर कस्बा मंझनपुर ने दो जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 मई की शाम आरोपी गोलू ने उनकी पुत्री को गले से धक्का दे दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

शिकायत के आधार पर थाना मंझनपुर में मुकदमा अपराध संख्या 203/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 117(2) में अभियोग दर्ज किया गया था।

13 नवम्बर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त गोलू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

🔴 इसे भी पढ़ें

नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोपी गिरफ्तार, महेवाघाट पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद किया

कौशाम्बी ब्यूरो। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत थाना महेवाघाट पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित अभियुक्त धीरज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे बैरागीपुर पुल के पास से पकड़ा और पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, एक नवम्बर 2026 को पीड़िता के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री को धीरज पुत्र राज कुमार निवासी नई बाजार, कस्बा खागा, जनपद फतेहपुर बहला-फुसलाकर भगा ले गया है।

शिकायत के आधार पर थाना महेवाघाट में मुकदमा अपराध संख्या 189/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) और 87 में मुकदमा दर्ज किया गया था।

13 नवम्बर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी धीरज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

🔴 इसे भी पढ़ें

ऑपरेशन चक्रव्यूह में चरवा पुलिस की कार्रवाई, अलग-अलग मुकदमों के चार वारंटी गिरफ्तार

कौशाम्बी ब्यूरो। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत थाना चरवा पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर अलग-अलग मुकदमों में वांछित चार वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस के अनुसार, मुकदमा अपराध संख्या 483/2017 में भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए, 323, 504, 506 तथा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित तीन वारंटी राम प्रताप पुत्र स्वर्गीय सम्पत लाल, दीपक पुत्र राम प्रताप और रनिया पत्नी राम प्रताप निवासीगण ग्राम सिररियावां गला, थाना चरवा को गिरफ्तार किया गया।

वहीं मुकदमा अपराध संख्या 559/2020 में धारा 135बी विद्युत अधिनियम से संबंधित वारंटी रज्जन पुत्र स्वर्गीय शोभा लाल निवासी ग्राम बलीपुर टाटा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।

इस प्रकार चरवा पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल चार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

🔴 इसे भी पढ़ें

जनगणना-2027 की स्वगणना के लिए प्रशासन ने तेज की तैयारी, 16 से 30 नवम्बर तक चलेंगे जागरूकता अभियान; अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

कौशाम्बी ब्यूरो। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत स्वगणना कार्य को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को सरस हॉल में अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें 16 से 30 नवम्बर तक स्वगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में मीडिया, सोशल मीडिया, जागरूकता रैली, डुग्गी पिटवाकर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को स्वगणना की जानकारी दी जाए। पंचायत भवनों में हेल्प डेस्क स्थापित कर नागरिकों को ऑनलाइन विवरण भरने में सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वयं भी निर्धारित अवधि में स्वगणना पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को इसके लिए प्रेरित किया जा सके।

बैठक में बताया गया कि स्वगणना प्रश्नावली में कुल 40 प्रश्न होंगे, जिन्हें पहचान एवं परिवार, शिक्षा एवं भाषा, रोजगार, जन्म एवं माइग्रेशन तथा अन्य आवश्यक जानकारियों की पांच प्रमुख श्रेणियों में रखा गया है।

प्रश्नावली में व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, जाति, माता-पिता और पति-पत्नी से संबंधित विवरण मांगे जाएंगे। इसके अलावा शिक्षा, साक्षरता, मातृभाषा, रोजगार, व्यवसाय, जन्म स्थान, पिछला निवास स्थान और स्थान परिवर्तन का कारण भी पूछा जाएगा।

प्रश्नावली में जीवित बच्चों की संख्या, कोविड-19 टीकाकरण, बैंक खातों की संख्या और मोबाइल नंबर सहित आधार, मतदाता पहचान पत्र, भारतीय पासपोर्ट तथा ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित जानकारियां भी शामिल हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को स्वगणना अभियान की लगातार निगरानी करने और निर्धारित अवधि में अधिक से अधिक परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

🔴 इसे भी पढ़ें

राजस्व टीम के सामने युवक को घेरकर पीटने का आरोप, करारी पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने का आरोप; अब एसपी से मांगा न्याय

कौशाम्बी ब्यूरो। करारी थाना क्षेत्र के रक्सवारा गांव में जमीन की पैमाइश और पत्थरगड़ी के दौरान कथित सामूहिक हमले का मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंच गया है। 12 बिस्वा जमीन की पैमाइश के दौरान राजस्व टीम की मौजूदगी में युवक को घेरकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित जितेन्द्र सिंह पुत्र केशव सिंह ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। साथ ही थाना करारी पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, जितेन्द्र सिंह के भांजे सोनू सिंह पुत्र धारा सिंह ने अहमद काजिम से गाटा संख्या 320 में स्थित 12 बिस्वा जमीन का बैनामा कराया था। जमीन की सीमाओं का निर्धारण कराने के लिए उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 24 के तहत पैमाइश और पत्थरगड़ी की कार्रवाई कराई जा रही थी। इसी सिलसिले में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी।

आरोप है कि भांजे के बुलाने पर जितेन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंचा। इसी दौरान समीपवर्ती गाटा संख्या 612 से जुड़े कुछ लोगों ने पैमाइश और पत्थरगड़ी का विरोध शुरू कर दिया। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि विपक्षियों को लगा कि राजस्व कार्रवाई जितेन्द्र सिंह की पैरवी पर कराई जा रही है। इसी रंजिश में आरोपियों ने उसे घेर लिया और जान से मारने की नीयत से सामूहिक हमला कर दिया। प्रार्थी के मुताबिक, हमलावरों से किसी तरह बचकर वह मौके से भागा और अपनी जान बचाई।

घटना चार नवम्बर 2026 की शाम करीब पांच से साढ़े पांच बजे के बीच की बताई गई है। इस पूरे मामले में राजस्व टीम की मौके पर मौजूदगी महत्वपूर्ण है। यदि टीम के सदस्य घटनाक्रम के समय वहां उपस्थित थे तो उनके बयान और मौके से जुड़ी जानकारी जांच में अहम साबित हो सकती है।

थाने में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

प्रार्थी का कहना है कि घटना के तत्काल बाद वह थाना करारी पहुंचा और उपनिरीक्षक को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही कोई प्रभावी कार्रवाई हुई। इसी वजह से उसे पुलिस अधीक्षक के समक्ष गुहार लगानी पड़ी।

जितेन्द्र सिंह ने एसपी से नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने, पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

अब मामले में राजस्व टीम के सदस्यों के बयान, थाने में दी गई शिकायत की प्राप्ति और पुलिस की कार्रवाई के अभिलेख महत्वपूर्ण होंगे। इनसे स्पष्ट हो सकेगा कि कथित घटना के बाद शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई। एसपी के समक्ष मामला पहुंचने के बाद अब पुलिस की जांच और कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular