HomePolicपुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, एसपी सत्यनारायण ने परिजनों...

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, एसपी सत्यनारायण ने परिजनों को किया सम्मानित

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, एसपी सत्यनारायण ने परिजनों को किया सम्मानित

कौशाम्बी । पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन कौशाम्बी स्थित शहीद स्मारक पर कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के नेतृत्व में आयोजित स्मृति दिवस परेड में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों को नमन कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश और पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की ओर से प्रेषित संदेशों के वाचन से हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक समेत उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सम्मान गार्द ने शोक परेड के माध्यम से शहीद जवानों को सलामी दी। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को याद किया गया।पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर को उन वीर जवानों की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी। वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों से मुकाबला करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के दस जवान शहीद हुए थे। उन्हीं के बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष यह दिवस मनाया जाता है।इस अवसर पर एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस के छह शहीद कर्मियों के कर्तव्य और बलिदान का भी उल्लेख किया गया।एसपी सत्यनारायण ने जनपद में कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिजनों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी और प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े

फरियादियों की समस्याओं पर एसपी सख्त, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

कौशाम्बी आमजन की शिकायतों के समाधान और पीड़ितों को राहत दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। एसपी ने एक-एक कर शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निष्पक्ष जांच की जाए। संबंधित थाना प्रभारी और अधिकारी शिकायत की प्रकृति के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।एसपी ने शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता और गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए और शिकायतों को केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए न निपटाया जाए। जनसुनवाई का उद्देश्य पीड़ितों की समस्याओं को सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई की जाए। जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने शिकायतों के समाधान और आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular