विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
कौशाम्बी ब्यूरो। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने मंगलवार को उदयन सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक कर परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालयों की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी जिलाधिकारी ने जिला समन्वयक कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय योगेश तिवारी को प्रतिदिन कस्तूरबा विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण में कमी मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने जर्जर विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण व नीलामी तथा परिषदीय विद्यालयों में चल रहे मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही जिला बेसिक शिक्षाधिकारी और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए कि बच्चे प्रतिदिन स्कूल ड्रेस में ही विद्यालय पहुंचें।बैठक में विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को हटाने की प्रगति की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को अवशेष 37 विद्यालयों से हाईटेंशन तार 30 अक्टूबर 2026 तक शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। जिला पंचायतराज अधिकारी को शेष विद्यालयों में विद्युतीकरण कार्य जल्द पूरा कराने तथा सफाई कर्मियों के माध्यम से विद्यालयों में नियमित और बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा जिलाधिकारी ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ाने के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने डायट मेंटर्स को विद्यालय आवंटित कर शैक्षणिक गतिविधियों में सुधार लाने, स्टूडेंट डिजिटल रजिस्टर में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में नियुक्त स्पेशल एजुकेटर की उपस्थिति का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी जरूरी है बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


