Homeप्रदेशनवरात्रि मेले से पहले कुबरी घाट और माता शीतला मंदिर पहुंचे एसपी,...

नवरात्रि मेले से पहले कुबरी घाट और माता शीतला मंदिर पहुंचे एसपी, सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा

नवरात्रि मेले से पहले कुबरी घाट और माता शीतला मंदिर पहुंचे एसपी, सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा

कौशाम्बी ब्यूरो। आगामी नवरात्रि मेला और पर्वों को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी श्री सत्यनारायण ने थाना कड़ाधाम क्षेत्र के कुबरी घाट और माता शीतला मंदिर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।एसपी ने मंदिर परिसर, घाट और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर भीड़, आवागमन और कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रबंधों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी स्तर पर लापरवाही न हो। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्रभावी इंतजाम करने को कहा गया।उन्होंने मंदिर और घाट क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क और तैयार रखने को कहा गया।एसपी ने अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने को कहा। उन्होंने आगामी पर्वों के दौरान आमजन से समन्वय बनाए रखते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह और क्षेत्राधिकारी सिराथू श्री सत्येंद्र तिवारी सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ो

नवरात्रि और दशहरा को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

कौशाम्बी । आगामी नवरात्रि, दुर्गा प्रतिमा स्थापना, विसर्जन और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना पश्चिमशरीरा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी कौशाम्बी श्री अरुण कुमार शुक्ला ने की।बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, आयोजकों और संभ्रांत लोगों के साथ आगामी पर्वों को लेकर चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी ने सभी से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने प्रतिमा स्थापना, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जुलूस और विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।क्षेत्राधिकारी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते हुए हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना या समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित न हो।बैठक में पुलिस की ओर से आमजन से सहयोग बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि से लेकर दशहरा और प्रतिमा विसर्जन तक कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी।

इसे भी पढो

श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर में 90 श्रमिकों की जांच, 25 का पंजीकरण और नवीनीकरण

कौशाम्बी ब्यूरो। जिलाधिकारी के निर्देश पर भरवारी स्थित मेसर्स आकर्ष गोपाल हीरो एजेंसी में श्रमिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।शिविर में कुल 90 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 75 पुरुष और 15 महिला श्रमिक शामिल रहे। जांच के दौरान 25 श्रमिकों की त्वचा संबंधी समस्या, 10 की आंखों, 20 की एनीमिया तथा 10 श्रमिकों की शुगर की जांच की गई। इसके अलावा कफ, सर्दी और बुखार जैसी सामान्य समस्याओं की भी जांच कर चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया।शिविर में श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया समझाई गई। इस दौरान 15 श्रमिकों का नया पंजीकरण और 10 श्रमिकों का नवीनीकरण कराया गया।शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. गुलाम अली, डॉ. सुनीता सिंह और डॉ. नीतू सिंह तथा श्रम विभाग से नेहा यादव, गोविन्द लाल गुप्ता और मनोज कुमार शुक्ल मौजूद रहे।

इसे भी पढो

स्थानीय निकायों में पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व पर आयोग ने जनप्रतिनिधियों से मांगे सुझाव

कौशाम्बी ब्यूरो। स्थानीय ग्रामीण निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व की स्थिति को समझने के लिए बुधवार को विकास भवन स्थित सरस हॉल में उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त जिला जज बृजेश कुमार ने की।बैठक में आयोग के सदस्य सेवानिवृत्त एडीजे संतोष कुमार विश्वकर्मा, सेवानिवृत्त आईएएस एसपी सिंह, विशेष कार्याधिकारी एमए अंसारी और जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर मौजूद रहीं। आयोग के सदस्यों ने जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटाई।आयोग ने जिला स्तर के साथ विकासखंड और ग्राम स्तर पर पिछड़ा वर्ग की स्थिति तथा स्थानीय ग्रामीण निकायों में उनके प्रतिनिधित्व से जुड़े विषयों पर जनप्रतिनिधियों से सीधे जानकारी और सुझाव लिए। बैठक का उद्देश्य जमीनी स्तर पर पिछड़ा वर्ग की भागीदारी और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति से जुड़े तथ्यों को समझना रहा।बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने भाग लिया। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पिछड़ा वर्ग की भागीदारी, उपलब्ध अवसरों और सामने आने वाली समस्याओं से आयोग को अवगत कराया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, जिला पंचायतराज अधिकारी अनिल सिंह सहित सभी खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

इसे भी पढो

पिछड़ा वर्ग के लिए शिक्षा, रोजगार और बाजार सुविधाएं बढ़ाने पर जोर, जिला पंचायत अध्यक्ष ने आयोग के सामने रखे सुझाव

कौशाम्बी ब्यूरो। विकास भवन के सरस हॉल में आयोजित पिछड़ा वर्ग आयोग की बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना सोनकर ने कौशाम्बी में अन्य पिछड़ा वर्ग से जुड़े सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और रोजगार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जिले में पिछड़ा वर्ग की बड़ी आबादी खेती, पशुपालन, छोटे कारोबार, कारीगरी और श्रम आधारित कार्यों से जुड़ी है। ऐसे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए स्थानीय जरूरतों के आधार पर योजनाएं तैयार करने की आवश्यकता है।उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए केला और सब्जी उत्पादन के क्लस्टर विकसित करने तथा किसान उत्पादक संगठनों को मजबूत करने का सुझाव दिया। चायल और भरवारी क्षेत्र में छोटे स्तर के कोल्ड स्टोरेज और कोल्ड-चेन की सुविधा विकसित करने की जरूरत भी बताई, जिससे किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिल सके।जिला पंचायत अध्यक्ष ने निषाद, केवट और मल्लाह समाज के लोगों के लिए तालाबों के पट्टे और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने की बात रखी। उन्होंने समूह आधारित रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया। यादव समाज के पशुपालकों के लिए डेयरी उत्पादों को बेहतर बाजार से जोड़ने तथा तेली, कुम्हार, नाई, बढ़ई समेत परंपरागत कारीगर समुदायों के लिए कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार योजनाओं को प्रभावी बनाने का सुझाव दियाशिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, डिजिटल लाइब्रेरी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर कोचिंग सुविधाओं की आवश्यकता बताई। छात्राओं की शिक्षा को जारी रखने के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।उन्होंने कहा कि पंचायतों और स्थानीय संस्थाओं में पिछड़ा वर्ग की भागीदारी दिखाई देती है, लेकिन शिक्षा, सरकारी रोजगार और आर्थिक अवसरों में उनकी भागीदारी और मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध प्रयास जरूरी हैं। आयोग के समक्ष उन्होंने वास्तविक सामाजिक-आर्थिक आंकड़ों के आधार पर योजनाएं तैयार करने और प्रतिनिधित्व की स्थिति की समीक्षा करने की मांग रखी।श्रीमती कल्पना सोनकर ने कहा कि जिले के किसान और कामगार मेहनत के बल पर अपनी आजीविका चला रहे हैं। यदि उन्हें बेहतर बाजार, सिंचाई, भंडारण, कौशल प्रशिक्षण, शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलें तो उनकी आर्थिक स्थिति में बड़ा सुधार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत स्तर से समान अवसर और समावेशी विकास की दिशा में हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।

इसे भी पढो

प्रभारी मंत्री कृष्णा पासवान आज कौशाम्बी में, मंझनपुर की सेवा ज्योति यात्रा में होंगी शामिल

कौशाम्बी ब्यूरो। उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा जनपद कौशाम्बी की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा पासवान का बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को कौशाम्बी दौरा प्रस्तावित है। प्रभारी मंत्री का यह भ्रमण उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा।निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मंत्री बुधवार सुबह 7 बजे फतेहपुर के सिविल लाइंस स्थित पटेल चौक चौराहा स्थित आवास से सड़क मार्ग द्वारा कौशाम्बी के लिए रवाना होंगी। सुबह करीब 9 बजे उनका सिराथू स्थित मां शीतला अतिथि गृह, सियारा पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य के साथ उनका अल्प प्रवास निर्धारित है।इसके बाद सुबह 9:30 बजे सिराथू से प्रस्थान कर मंत्री करीब 10 बजे मंझनपुर पहुंचेंगी। मंझनपुर के डायट मैदान में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में श्रीमती कृष्णा पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम की संयोजक सुश्री ज्योति केसरवानी हैं।प्रभारी मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल और निर्धारित मार्ग पर आवश्यक सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular