मेला देखने गया था परिवार, घर में अकेली राजमती देवी की सिर कूचकर हत्या, आंगन में खून से लथपथ मिला शव, तीन पुलिस टीमें गठित
कौशाम्बी। कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा गांव में शुक्रवार रात घर में अकेली महिला की सिर कूचकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई। हमलावर ने 55 वर्षीय राजमती देवी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के समय उनके पति, बेटियां और दामाद भरवारी में दशहरा मेला देखने गए थे। परिवार के लोग रात करीब 10:30 बजे घर लौटे तो आंगन में राजमती देवी का खून से लथपथ शव देखकर उनके होश उड़ गए। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में सनसनी फैल गई।रसूलपुर गिरसा निवासी गिरधारीलाल सरोज खेती-किसानी करते हैं। उनकी पत्नी राजमती देवी (55) घर पर अकेली थीं। शुक्रवार को भरवारी में दशहरा मेला आयोजित था। गिरधारीलाल अपनी चार बेटियों और दामाद के साथ मेला देखने गए थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर राजमती देवी के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उनकी हत्या कर दी।वारदात के समय घर में खाना बनाने की तैयारी चल रही थी। मिट्टी के चूल्हे में आग जल रही थी और पास में सब्जी कटी रखी थी। घर का मुख्य दरवाजा भी खुला मिला। परिस्थितियां बताती हैं कि राजमती देवी रोजमर्रा के घरेलू काम में लगी थीं, तभी उन पर हमला किया गया। देर रात परिजन घर पहुंचे तो आंगन में शव पड़ा देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण, अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह और क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड को भी जांच के लिए बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और वारदात से जुड़े सुराग तलाशे।
मृतका के पति की तहरीर पर थाना कोखराज में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का अनावरण कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, महिला की हत्या के पीछे की वजह और हमलावर की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इसे भी पढ़े

मंझनपुर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर एसपी और सीडीओ ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
कौशाम्बी। तहसील मंझनपुर में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण और मुख्य विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और इलाकों से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों का परीक्षण कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि प्रत्येक मामले में तत्परता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।मुख्य विकास अधिकारी ने राजस्व और अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता पूरी करने के बजाय उनकी गुणवत्ता और वास्तविक समाधान पर ध्यान दिया जाए, जिससे आमजन को समय से राहत मिल सके।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े
चायल तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर एडीएम, एसडीएम और सीओ ने सुनीं जनसमस्याएं, कुछ शिकायतों का मौके पर निस्तारण, बाकी में संयुक्त जांच के निर्देश
कौशाम्बी। तहसील चायल में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी कौशाम्बी, उपजिलाधिकारी चायल और क्षेत्राधिकारी चायल ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई की। इस दौरान तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों और इलाकों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं प्रार्थना पत्रों के माध्यम से अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों का परीक्षण किया गया। इनमें से कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने विशेष रूप से उन मामलों में संयुक्त जांच कराने पर जोर दिया, जिनमें राजस्व और पुलिस विभाग दोनों की भूमिका आवश्यक है। ऐसे प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायोचित जांच करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जांच के बाद संबंधित मामलों का विधिक प्रक्रिया के तहत त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने और फरियादियों को समय से न्याय दिलाने पर जोर दिया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


