Homeभ्रष्ट व्यवस्थासरकारी आवास मौजूद, फिर भी सिराथू के खंड विकास अधिकारी नहीं करते...

सरकारी आवास मौजूद, फिर भी सिराथू के खंड विकास अधिकारी नहीं करते रात्रि निवास, शासन के निर्देशों की अनदेखी पर उठे सवाल

सरकारी आवास मौजूद, फिर भी सिराथू के खंड विकास अधिकारी नहीं करते रात्रि निवास, शासन के निर्देशों की अनदेखी पर उठे सवाल

कौशाम्बी। सिराथू विकासखंड में सरकारी आवास की उपलब्धता के बावजूद खंड विकास अधिकारी अभिषेक सिंह के आवास पर नियमित रात्रि निवास नहीं करने का मामला प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। शासन की स्पष्ट मंशा है कि अधिकारी अपनी तैनाती वाले क्षेत्र में रहकर जनता की समस्याओं का समय से निस्तारण करें, लेकिन सिराथू में इस व्यवस्था का पालन होता नजर नहीं आ रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अप्रैल 2022 में अधिकारियों को अपने तैनाती क्षेत्र में रात्रि निवास करने के निर्देश दिए थे। शासन स्तर पर जारी दिशा-निर्देशों में भी स्पष्ट किया गया है कि जिन अधिकारियों को सरकारी आवास उपलब्ध कराया गया है, उन्हें उसी आवास में रात्रि निवास करना चाहिए। इसके पीछे उद्देश्य यह है कि अधिकारी मुख्यालय पर उपलब्ध रहें और जरूरत पड़ने पर आम लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान कर सकें।

सिराथू विकासखंड परिसर में सरकारी आवास उपलब्ध होने के बाद भी यदि खंड विकास अधिकारी वहां नियमित रूप से नहीं रहते हैं तो यह केवल आवास के उपयोग का मामला नहीं, बल्कि मुख्यालय पर अधिकारी की उपलब्धता और प्रशासनिक जवाबदेही से भी जुड़ा है। सरकारी आवास का निर्माण जनता के पैसे से इसलिए कराया जाता है, ताकि संबंधित अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में रहकर विकास योजनाओं की निगरानी और जनसमस्याओं का निस्तारण कर सकें।

ऐसे में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को इस मामले में वास्तविक स्थिति की जांच करानी चाहिए। आवास में रात्रि निवास, उपस्थिति पंजिका, भ्रमण कार्यक्रम और कार्यालय में उपलब्धता से जुड़े अभिलेखों का मिलान कराया जाना जरूरी है। यदि शासन के निर्देशों की अनदेखी सामने आती है तो जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

सवाल यह है कि जब शासन ने अधिकारियों के मुख्यालय पर रात्रि निवास को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी कर रखे हैं और विकासखंड परिसर में सरकारी आवास भी उपलब्ध है, तो फिर इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी किसकी है? सरकारी व्यवस्था में नियम केवल आदेश जारी करने तक सीमित नहीं रहने चाहिए, उनका पालन भी जमीन पर दिखाई देना चाहिए।

फकीराबाद में अप्पे और ई-रिक्शा के बेतरतीब खड़े होने से लग रहा जाम, राहगीर परेशान

कौशाम्बी। सराय अकिल थाना क्षेत्र के फकीराबाद में अप्पे और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के चलते आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। सड़क पर जगह-जगह अप्पे और ई-रिक्शा खड़े होने से आवागमन बाधित हो रहा है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से रास्ता संकरा हो जाता है। खासकर भीड़ के समय दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है। कई बार जाम के कारण लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने और सड़क पर अवैध रूप से खड़े होने वाले अप्पे व ई-रिक्शा पर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिस और संबंधित विभाग नियमित निगरानी करें, ताकि फकीराबाद में जाम की समस्या से निजात मिल सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular