
कौशाम्बी ब्यूरो। महेवाघाट थाना क्षेत्र के अलवारा गांव में शनिवार को लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के धराशायी होते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घर के भीतर रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए।गांव निवासी उर्मिला देवी पत्नी शिवमूरत अपने छोटे बच्चों के साथ इसी जर्जर मकान में रह रही थीं। लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें पहले से कमजोर हो चुकी थीं। शनिवार को तेज हवा के झोंके के बीच अचानक मकान का एक हिस्सा गिर पड़ा। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला।मकान गिरने के बाद उर्मिला देवी के परिवार के सामने रहने और गृहस्थी चलाने का संकट खड़ा हो गया है। मलबे में घरेलू सामान दब जाने से रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर भी परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई गरीब परिवार आज भी जर्जर कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।


