
कौशाम्बी ब्यूरो। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कौशाम्बी पुलिस ने शुक्रवार को जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस व यातायात टीमों ने वाहनों की जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले 73 वाहनों के ई-चालान किए गए।पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान पिकअप, ट्रैक्टर और अन्य मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी बैठाकर ले जाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाने की हिदायत दी गई। चेकिंग के दौरान वाहन के कागजात, नंबर प्लेट, हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा की जांच की गई।स्कूल वाहनों की भी सघन जांच की गई। चालकों को निर्धारित मानकों और यातायात नियमों का पालन करने के साथ छात्र-छात्राओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीमों ने वाहन चालकों को नियमों की जानकारी देते हुए लापरवाही से वाहन न चलाने की सलाह भी दी।इसी दौरान असदुल्लापुर रोही के पास बाइक और चार पहिया वाहन की टक्कर में घायल सुनील सरोज, उनकी पत्नी और बच्चे को कोखराज थाना की सीसी टीम ने तत्काल सीएचसी मूरतगंज पहुंचाकर उपचार कराया। हादसे की सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई भी की।पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति में वाहन चलाने, दोपहिया पर हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।


