
कौशाम्बी ब्यूरो। इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन-2026 के मतदेय स्थलों के प्रस्ताव को लेकर बुधवार को एनआईसी सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अमित पाल की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में प्रस्तावित मतदेय स्थलों की सूची उपलब्ध कराते हुए निर्वाचन संबंधी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।उप जिला निर्वाचन अधिकारी शालिनी प्रभाकर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1400 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों के अंतर्गत सहायक मतदेय स्थल प्रस्तावित किए जाने हैं। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्रवार प्रस्ताव उपलब्ध कराए गए हैं। 251-सिराथू विधानसभा क्षेत्र से पांच, 252-मंझनपुर विधानसभा क्षेत्र से आठ और 253-चायल विधानसभा क्षेत्र से आठ बूथों के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए हैं।इस प्रकार तीनों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 21 सहायक मतदेय स्थलों के प्रस्ताव उपलब्ध कराए गए। बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रस्तावों की सूची दी गई। प्रस्तावित मतदेय स्थलों को लेकर आवश्यक चर्चा की गई और संबंधित जानकारी साझा की गई।उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि फार्म-18 दिनांक 29 सितंबर 2026 तक संबंधित तहसीलों एवं निर्धारित पदाभिहित स्थलों पर प्राप्त किए जाएंगे। जो पात्र व्यक्ति अभी तक मतदाता नहीं बन सके हैं, वे निर्धारित तिथि तक फार्म-18 जमा कर सकते हैं।बैठक में सभी उपजिलाधिकारी तथा भाजपा प्रतिनिधि आशीष कुमार, कांग्रेस प्रतिनिधि हेमंत कुमार रावत, समाजवादी पार्टी प्रतिनिधि प्रदीप कुमार एवं बहुजन समाज पार्टी प्रतिनिधि रंजीत कुमार गौतम उपस्थित रहे


