
सड़क सुरक्षा को लेकर कौशाम्बी पुलिस का सख्त अभियान, 308 वाहनों का ई-चालान
कौशाम्बी । सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए कौशाम्बी पुलिस ने जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और कुल 308 वाहनों का ई-चालान किया गया।पुलिस अभियान के दौरान विशेष रूप से स्कूल वाहनों की सघन जांच की गई। वाहन चालकों को निर्धारित मानकों और यातायात नियमों का पालन करने के साथ छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।चेकिंग के दौरान मालवाहक वाहनों, पिकअप, ट्रैक्टर आदि में अवैध रूप से सवारियां बैठाकर परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि मालवाहक वाहनों में सवारियों को बैठाकर यात्रा न कराएं, क्योंकि इससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।यातायात पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की भी गहन जांच की। वाहनों के आवश्यक अभिलेख, नंबर प्लेट, हेलमेट, सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों के पालन की जांच की गई। इंटरसेप्टर स्पीड रडार गन के माध्यम से तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी भी की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।पुलिस ने अभियान के दौरान आमजन और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और सड़क पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए भी जागरूक किया गया।कौशाम्बी पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर चेकिंग और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


