लापरवाही पर डीएम सख्त, सिराथू की सीडीपीओ हटाने के निर्देश, श्रम विभाग का वेतन रोका
कौशाम्बी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने विभागीय कामकाज में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों की जवाबदेही तय की है। सोमवार को हुई विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने सिराथू की बाल विकास परियोजना अधिकारी को हटाने के निर्देश दिए, जबकि श्रम विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन रोकने का आदेश दिया। खबर 6 अक्टूबर को प्रकाशित हुई है। जिला पोषण समिति की समीक्षा के दौरान डीएम ने सैम और मैम बच्चों के चिह्नीकरण तथा उनकी निगरानी में लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने सिराथू के सभी सेक्टरों में नोडल अधिकारियों से जांच कराने और जिला कार्यक्रम अधिकारी को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने तथा पात्र लाभार्थियों को समय से पोषाहार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।बैठक में जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और जांच के निर्देश दिए। राम वनगमन मार्ग तथा प्रयागराज एयरपोर्ट-कौशाम्बी मार्ग के निर्माण को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। मार्गों पर सुरक्षा की दृष्टि से उचित संकेतक लगाने को भी कहा गया।डीएम ने कुम्हियावा और हिनौता बाजार मार्ग की मरम्मत तथा जलभराव की समस्या का समाधान जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। बाल कल्याण समिति की समीक्षा में सितंबर माह में निस्तारित 31 मामलों और 35 नए मामलों की जानकारी ली गई। परिवार में पुनर्वासित 79 तथा संस्थानों में रह रहे 26 बच्चों का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा गया।


