Homeक्राइममुठभेड़ में लुटेरे को लगी गोली, दो साथी दबोचे गए; सर्राफा लूट...

मुठभेड़ में लुटेरे को लगी गोली, दो साथी दबोचे गए; सर्राफा लूट का खुलासा

मुठभेड़ में लुटेरे को लगी गोली, दो साथी दबोचे गए; सर्राफा लूट का खुलासा

कौशाम्बी । कोखराज पुलिस ने सर्राफा व्यापारी से हुई लूट का सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रीतेश उर्फ सोनू पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी सूरज पासवान और सुनील पाल पुलिस के हत्थे चढ़ गए।एक अक्टूबर की शाम सर्राफा व्यापारी सुरेश चन्द्र सोनी दुकान बंद कर मूरतगंज मोड़ की ओर जा रहे थे। तभी लाल रंग की अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने पीछा कर हेलमेट से उनके सिर पर वार किया और तमंचे से फायर कर रास्ते में रोक लिया। जान से मारने की धमकी देकर बदमाश 20 हजार रुपये नकद, करीब एक किलो चांदी और 20 ग्राम सोने के जेवरात से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे।घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देश पर चार टीमें बदमाशों की तलाश में लगाई गईं। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के जरिए बदमाशों तक पहुंची पुलिस ने सात अक्टूबर को टेढ़ी मोड़-शहजादपुर मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस के रोकने पर बदमाशों ने गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में रीतेश उर्फ सोनू घायल होकर गिर पड़ा और उसके दोनों साथी दबोच लिए गए।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा व एक जिंदा कारतूस, लूटे गए 525.08 ग्राम सफेद धातु और 17.3 ग्राम पीली धातु के जेवरात तथा बिना नंबर की अपाचे बाइक बरामद की। जांच में बाइक प्रयागराज के धूमनगंज क्षेत्र से चोरी की होना सामने आया है। पूछताछ में आरोपियों ने लूटे गए जेवरात को हाईवे किनारे छिपाकर रखने और बाद में वहां से निकालकर ले जाने की बात भी पुलिस को बताई।घायल बदमाश को उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय मंझनपुर भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात कबूल की है। मौके पर फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए और वीडियोग्राफी भी कराई। मामले में मुकदमा संख्या 511/2026 में धाराएं बढ़ाने के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। रीतेश उर्फ सोनू के खिलाफ कोखराज थाने में वर्ष 2020 में लूट का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।

इसे भी पढ़े

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 10 साल की सजा, 35 हजार रुपये जुर्माना

कौशाम्बी ब्यूरो। सरायअकिल थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के कारावास और 35 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद यह फैसला ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत सुनाया गया।मामला 31 अगस्त 2019 का है। सरायअकिल थाने में वादी ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले में मुकदमा संख्या 287/2019 के तहत धारा 363, 366, 376(2)(झ), 504 भादवि और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी के निर्देशन में मॉनिटरिंग सेल ने प्रभावी पैरवी की। इसी का परिणाम रहा कि 7 अक्टूबर 2026 को जनपद न्यायालय कौशाम्बी ने आरोपी सचिन पुत्र इन्द्रजीत निवासी रतगहा, थाना चरवा, जनपद कौशाम्बी को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के कारावास और 35 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत गंभीर अपराधों में आरोपियों को सजा दिलाने के लिए अभियोजन पक्ष के साथ समन्वय कर प्रभावी पैरवी की जा रही है। इसी क्रम में लंबे समय से चल रहे इस मामले में भी आरोपी को न्यायालय से सजा दिलाई गई।

इसे भी पढ़ो

जनसुनवाई में एसपी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

कौशाम्बी ब्यूरो। पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित शिकायती प्रार्थना पत्र पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किए।पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेकर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और प्रत्येक मामले में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। पुलिस अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

इसे भी पढो

सीओ ने महेवाघाट थाने का किया त्रैमासिक निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

कौशाम्बी । क्षेत्राधिकारी कौशाम्बी अरुण कुमार शुक्ला ने बुधवार को थाना महेवाघाट का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, हवालात, बैरक सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही महत्वपूर्ण अभिलेखों और रजिस्टरों का अवलोकन कर संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।क्षेत्राधिकारी ने लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया। आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

इसे भी पढ़ो

यूबीएस इंटर कॉलेज में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को बताए सड़क सुरक्षा के नियम

कौशाम्बी। क्षेत्राधिकारी यातायात भैया संतोष कुमार ने बुधवार को यूबीएस इंटर कॉलेज में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई।क्षेत्राधिकारी ने छात्रों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की भी सलाह दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।छात्र-छात्राओं से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं से बचाव और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उपाय भी बताए गए।

इसे भी पढ़ो

महेवाघाट में पीस कमेटी की बैठक, त्योहारों में भाईचारा बनाए रखने की अपील

कौशाम्बी । आगामी नवरात्रि, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुधवार को थाना महेवाघाट परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी कौशाम्बी अरुण कुमार शुक्ला ने की। इसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।क्षेत्राधिकारी ने सभी लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक जुलूस, कार्यक्रम और प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए। उन्होंने लोगों से त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।बैठक में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अराजकता से सख्ती से निपटा जाएगा।

इसे भी पढो

गैर इरादतन हत्या के आरोपी को 10 वर्ष कठोर कारावास, छह हजार रुपये जुर्माना

कौशाम्बी । गैर इरादतन हत्या के मामले में कौशाम्बी की अदालत ने आरोपी जय सिंह को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास और छह हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत आरोपी को यह सजा दिलाई गई।मामला 19 सितंबर 2021 का है। थाना पिपरी क्षेत्र के सिंहपुर निवासी रामदीन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि आरोपी ने उसके और उसके भतीजे सचिन के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की थी। गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के दौरान सचिन की मौत हो गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 248/2021 में धारा 304, 323 और 504 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया।विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी के निर्देशन में मॉनिटरिंग सेल ने प्रभावी पैरवी की। इसी क्रम में 8 अक्टूबर 2026 को जनपद न्यायालय कौशाम्बी ने आरोपी जय सिंह पुत्र फूलचन्द्र निवासी सिंहपुर, थाना पिपरी, जनपद कौशाम्बी को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास और छह हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत गंभीर आपराधिक मामलों में अभियोजन पक्ष के साथ समन्वय कर प्रभावी पैरवी की जा रही है, जिससे आरोपियों को न्यायालय से सजा दिलाने की कार्रवाई लगातार जारी है।

इसे भी पढ़ो

दशहरे पर किसानों को योगी सरकार का तोहफा, कृषि यंत्रों पर मिलेगा अनुदान; 20 अक्टूबर से ऑनलाइन बुकिंग

कौशाम्बी ब्यूरो। जिले के किसानों के लिए कृषि विभाग ने दशहरे के अवसर पर कृषि यंत्रों पर अनुदान का एक और अवसर उपलब्ध कराया है। नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन के तहत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन तथा फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़ी योजनाओं में किसानों को विभिन्न कृषि यंत्र अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन और यंत्र बुकिंग की प्रक्रिया निर्धारित की गई है।

उप कृषि निदेशक सर्वेश कुमार तिवारी ने बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन समेत विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कृषि यंत्रों तथा कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए अनुदान दिया जाएगा। इच्छुक किसान निर्धारित तिथि पर विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

विभाग के अनुसार 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से ऑनलाइन बुकिंग शुरू होगी और उसी दिन रात 12 बजे कट ऑफ डेट निर्धारित की गई है। निर्धारित समय के भीतर आवेदन करने वाले किसानों को योजना के नियमों और पात्रता के अनुसार लाभ दिया जाएगा।

सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन के तहत 10 लाख रुपये की परियोजना लागत वाले कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक, किसान ड्रोन तथा अन्य कृषि यंत्रों पर अनुदान का प्रावधान है। वहीं फसल अवशेष प्रबंधन योजना के अंतर्गत व्यक्तिगत कृषि यंत्रों के साथ 30 लाख रुपये तक की परियोजना लागत वाले कस्टम हायरिंग सेंटर को भी योजना में शामिल किया गया है।

इसके अलावा त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत मिनी सेलर, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत मिलेट पार्सर, विभिन्न फसलों में समन्वित साधनों से कीट एवं रोग नियंत्रण के लिए कृषि रक्षा यंत्र तथा फसल विविधीकरण कार्यक्रम के तहत कृषि यंत्रों पर भी अनुदान दिया जाएगा।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

किसान कृषि यंत्रों की बुकिंग और आवेदन के लिए कृषि विभाग के पोर्टल www.agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। पोर्टल पर किसान कॉर्नर के अंतर्गत “यंत्र बुकिंग प्रारम्भ” विकल्प पर जाकर आवेदन किया जा सकेगा। कृषि यंत्रों की उपलब्धता, पात्रता, अनुदान तथा बुकिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी भी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी।

कृषि विभाग ने किसानों से निर्धारित समय में आवेदन करने की अपील की है। योजना से जुड़ी किसी जानकारी या आवेदन प्रक्रिया में सहायता के लिए किसान उप कृषि निदेशक कार्यालय, कौशाम्बी से संपर्क कर सकते हैं। विभाग की ओर से यह सूचना पत्रांक 2164, दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को जारी की गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular