
नई दिल्ली। भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने अरब सागर में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 526 किलोग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया है। संयुक्त अभियान में एक ईरानी डाउ से हाई-ग्रेड मेथामफेटामाइन और हेरोइन बरामद होने की जानकारी सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। कार्रवाई के दौरान नाव पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी हिरासत में लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई 25 सितंबर को लक्षद्वीप के पश्चिम में अरब सागर में की गई। खुफिया जानकारी के आधार पर समुद्री और हवाई निगरानी के बाद संदिग्ध नाव को रोका गया और तटरक्षक बल की टीम ने उस पर सवार लोगों को अपने कब्जे में लिया।बरामद नशीले पदार्थ, नाव और पकड़े गए लोगों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई लाया गया है। मामले में केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें भारत या किसी अन्य देश में कहां पहुंचाया जाना था।अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई समुद्री रास्ते से संचालित अंतरराष्ट्रीय नार्को-स्मगलिंग नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण अभियान का हिस्सा है।


