
कौशाम्बी ब्यूरो। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने के उद्देश्य से विधानसभा मंझनपुर के विकासखंड बारा कौशाम्बी में सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा सेतु शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने फीता काटकर किया। शिविर के माध्यम से अलग अलग विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध योजनाओं तथा सेवाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया तथा धात्री माताओं को पोषण पोटली वितरित की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और उनके कार्यों के प्रति उत्साहवर्धन किया गया।जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने कहा कि इस प्रकार के सेवा शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में सहायता मिलती है। उन्होंने जनसेवा को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष जगन्नाथ दिवाकर, मंडल अध्यक्ष म्योहर भैया लाल गौतम सहित पार्टी पदाधिकारी, अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


