

कौशाम्बी ब्यूरो। संदीपन घाट थाना क्षेत्र के उजिहिनी खालसा पुरवा में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 30 वर्षीय युवक रवेन्द्र गंभीर हालत में गांव के बाहर मिला। परिजनों का आरोप है कि छेड़खानी के शक में कुछ लोगों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस घायल युवक को उपचार के लिए ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल लगाया गया है।मृतक की पहचान रवेन्द्र पुत्र स्वर्गीय राम खेलावन के रूप में हुई है। परिवार के मुताबिक सुबह करीब आठ बजे वह खेत की तरफ निकला था। आरोप है कि गांव से बाहर पहुंचने पर मूलचंद्र, लाला, सोनू, मोनू समेत कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही गिर पड़ा और हमलावर वहां से चले गए।घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायल रवेन्द्र को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और नामजद बताए जा रहे आरोपियों की तलाश की जा रही है।विवाद की वजह की भी पड़तालपरिजनों के अनुसार घटना से एक दिन पहले एक युवती से कथित छेड़खानी को लेकर रवेन्द्र पर आरोप लगाया गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। परिवार का आरोप है कि अगले दिन इसी विवाद के बाद रवेन्द्र पर हमला किया गया। पुलिस छेड़खानी के आरोप, मारपीट की परिस्थितियों और युवक की मौत के बीच संबंध समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।बताया गया कि रवेन्द्र के माता-पिता और बड़े भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उसकी पत्नी ही परिवार में बची है और दंपती की कोई संतान नहीं है। बहन गुड़िया देवी के मुताबिक भाई की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


