कौशाम्बी में सड़क हादसे ने उजाड़ा परिवार, दादा और 10 साल के नाती की मौत से बैरागीपुर में मातम
कौशाम्बी ब्यूरो। सड़क हादसे ने बैरागीपुर गांव के एक परिवार को ऐसा जख्म दिया है, जिसका दर्द लंबे समय तक बना रहेगा। हादसे में 70 वर्षीय छोटे लाल निषाद और उनके 10 वर्षीय नाती अमन निषाद की मौत से परिवार में मातम पसरा है। एक ही परिवार की दो पीढ़ियों के असमय चले जाने से गांव में भी शोक का माहौल है।
दुखद घटना की जानकारी मिलने पर नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ शोकाकुल परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत दादा-नाती को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने परिवार के दुख में सहभागी बनते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
वीरेंद्र सरोज ‘फौजी’ ने कहा कि छोटे लाल निषाद और मासूम अमन निषाद का असमय निधन बेहद दुखद है। अपनों को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है। दुख की इस घड़ी में वह शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं और हर संभव सहायता एवं सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
दादा और नाती की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में पसरे मातम के बीच परिजनों को संभालना मुश्किल हो रहा है। इस हृदयविदारक घटना ने बैरागीपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया है।


