पत्नी की हत्या के मामले में पति को उम्रकैद, 15 साल बाद आया अदालत का फैसला
कौशाम्बी। पत्नी की हत्या के करीब 15 साल पुराने मामले में कौशाम्बी की अदालत ने दोषी पति को आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने उस पर 23 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। सैनी थाना क्षेत्र के इस मामले में वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट और पत्नी के अपहरण की सूचना दी गई थी। पुलिस की विवेचना और अभियोजन पक्ष की पैरवी के बाद 28 अक्टूबर 2026 को न्यायालय ने दोषसिद्धि पर अपना फैसला सुनाया।मामला 2 सितंबर 2011 का है। पुलिस के अनुसार, सैनी थाना क्षेत्र के सौरई बुजुर्ग निवासी धर्मेन्द्र तिवारी उर्फ पप्पू पुत्र स्वर्गीय शीला प्रसाद तिवारी ने अपनी पत्नी की हत्या की थी। घटना के बाद पुलिस को लूट और पत्नी के अपहरण की सूचना दी गई, ताकि वास्तविक घटना को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और विवेचना पूरी करने के बाद आरोपी के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया।इस मामले में थाना सैनी में मुकदमा अपराध संख्या 334/2011 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 394, 149, 364, 201, 411 और 120बी के अंतर्गत कार्रवाई की गई थी। मामला न्यायालय में विचाराधीन रहा। शासन की ओर से गंभीर आपराधिक मामलों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत इस प्रकरण की निगरानी की गई।


