
उत्तर प्रदेश 30 सितंबर 2026
कौशाम्बी ब्यूरो। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह और सड़क सुरक्षा अभियान के तहत 29 सितंबर को कौशाम्बी पुलिस ने एक साथ व्यापक कार्रवाई की। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, कूटरचित नंबर प्लेट, नकदी और चोरी की बैटरी बरामद किए जाने का दावा किया गया है। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 213 वाहनों के ई-चालान किए गए।संदीपनघाट थाना पुलिस ने तेरामील तिराहा पर चेकिंग के दौरान अखिलेश उर्फ तुम्बा पुत्र शिवलाल निवासी मितुआपुर और मंजय उर्फ कल्लू पुत्र स्व. बदी प्रसाद निवासी चिटकहना मूरतगंज को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। पुलिस के अनुसार बाइक पर कूटरचित नंबर प्लेट लगी थी और दोनों के कब्जे से 4850 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने करीब दो माह पहले रसूलपुर बदले गांव में एक घर से रुपये तथा मंसूराबाद, प्रयागराज से मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी दी। पुलिस ने इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।चरवा थाना पुलिस ने ग्राम पंसौर स्थित यूरिया प्लांट से बैटरी, इन्वर्टर और मोटर चोरी के मामले में वांछित इन्दल पुत्र अमृत लाल निवासी मलाक नगर को ईंट भट्ठे के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक बैटरी बरामद करने की बात कही है। इसके साथ ही तीन वारंटियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। पिपरी पुलिस ने मुकदमा संख्या 435/2018 में वांछित अबराज उर्फ अभिषेक पुत्र चिरौंजी लाल निवासी फुलवा, चरवा पुलिस ने मुकदमा संख्या 127/2016 के वारंटी राज कुमार पुत्र राम लौटन निवासी रायभान का पुरवा तथा सैनी पुलिस ने मुकदमा संख्या 295/2022 में वांछित अजय कुमार पुत्र गोरे लाल निवासी त्रिलोकपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।इसी दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर जिलेभर में यातायात पुलिस और थाना पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात क्षेत्राधिकारी भैया संतोष कुमार के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने कोखराज टोल प्लाजा सहित प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहनों की जांच की। यात्री वाहनों में सुरक्षा उपकरणों, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा के पालन की जांच की गई। इंटरसेप्टर और स्पीड रडार गन के जरिए वाहनों की गति पर भी नजर रखी गई। सभी थाना क्षेत्रों में स्कूल वाहनों की भी जांच की गई। चालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के प्रति विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई। मालवाहक पिकअप और ट्रैक्टरों में सवारी बैठाकर ले जाने वाले चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। हेलमेट, सीट बेल्ट और वाहन संबंधी आवश्यक कागजात की जांच के दौरान कुल 213 वाहनों का ई-चालान किया गया।पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई। पुलिस के अनुसार अपराध नियंत्रण के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर भी अभियान लगातार जारी रहेगा।


