Homeस्वास्थ्यकौशाम्बी मेडिकल कॉलेज ने चिकित्सा क्षेत्र में दर्ज की बड़ी उपलब्धि, जटिल...

कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज ने चिकित्सा क्षेत्र में दर्ज की बड़ी उपलब्धि, जटिल सर्जरी कर बचाए प्राकृतिक दांत

कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज ने चिकित्सा क्षेत्र में दर्ज की बड़ी उपलब्धि, जटिल सर्जरी कर बचाए प्राकृतिक दांत

ट्यूमर से निकाली गईं दांत जैसी 12 असामान्य संरचनाएं, एक माह बाद जबड़े में फंसे दो स्थायी दांत भी स्वतः आए बाहर

कौशाम्बी। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय कौशाम्बी ने दंत चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मेडिकल कॉलेज में पहली बार जबड़े के दुर्लभ और जटिल ट्यूमर ओडोंटोमा का सफल ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के दौरान ट्यूमर से दांत जैसी 12 असामान्य संरचनाएं निकाली गईं। इस ऑपरेशन की सबसे खास उपलब्धि यह रही कि जबड़े में फंसे मरीज के दो प्राकृतिक स्थायी दांत भी सर्जरी के लगभग एक माह बाद स्वतः मुख में निकल आए।

जानकारी के अनुसार, मरीज ऊपरी जबड़े के अगले हिस्से में सूजन और स्थायी दांत नहीं निकलने की समस्या से परेशान था। इस वजह से उसे सामान्य रूप से मुस्कराने में भी परेशानी और सामाजिक असहजता का सामना करना पड़ रहा था। चिकित्सकीय जांच और रेडियोग्राफिक इमेजिंग में ऊपरी जबड़े में बड़े ओडोंटोमा की पुष्टि हुई। यह एक विकास संबंधी दंत विकार है, जिसमें दांतों जैसी असामान्य संरचनाएं विकसित होकर प्राकृतिक दांतों के निकलने का रास्ता रोक देती हैं।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह के मार्गदर्शन में चिकित्सकीय टीम ने स्थानीय एनेस्थीसिया देकर सावधानीपूर्वक ऑपरेशन किया। सर्जरी के दौरान ट्यूमर को पूरी तरह निकालने के साथ आसपास के ऊतकों और जबड़े में फंसे प्राकृतिक स्थायी दांतों को सुरक्षित रखा गया। ऑपरेशन में ट्यूमर से दांत जैसी कुल 12 संरचनाएं प्राप्त हुईं।

सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक रही। लगभग एक माह बाद हुए फॉलोअप परीक्षण में ऑपरेशन स्थल पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके साथ ही जबड़े में पहले से फंसे दोनों प्राकृतिक स्थायी दांत, कैनाइन और लेटरल इंसाइजर, स्वतः मुख में निकल आए। इससे मरीज को चिकित्सकीय राहत मिलने के साथ उसकी मुस्कान और आत्मविश्वास भी वापस मिला।

इस जटिल सर्जरी में डॉ. अरुण पांडेय, असिस्टेंट प्रोफेसर एवं डेंटल सर्जन की विशेष भूमिका रही। टीम में डॉ. हेमलता द्विवेदी, एसोसिएट प्रोफेसर और डॉ. ऋचा डोकानिया, सीनियर रेजिडेंट ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अलावा डॉ. प्रीति, डॉ. आरती, डॉ. अविनाश और डॉ. शिवांगी (जूनियर रेजिडेंट), डेंटल हाइजीनिस्ट श्रीमती श्रृंखला वर्मा तथा वार्ड बॉय श्री वीरेंद्र कुमार ने भी उपचार प्रक्रिया में सहयोग किया। इस उपलब्धि पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस तरह की जटिल सर्जरी की सफलता मेडिकल कॉलेज की चिकित्सकीय क्षमता और टीमवर्क का प्रमाण है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, ओडोंटोमा का समय पर पता लगना और उसका उचित सर्जिकल उपचार जरूरी है। इससे प्राकृतिक स्थायी दांतों को सुरक्षित रखने और उनके सामान्य रूप से निकलने का रास्ता साफ किया जा सकता है। कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज में इस जटिल ऑपरेशन की सफलता को दंत चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular