Homeबड़ी ख़बरेंविकास खण्ड कौशाम्बी में 11:30 बजे तक कार्यालय से नदारद मिले...

विकास खण्ड कौशाम्बी में 11:30 बजे तक कार्यालय से नदारद मिले सीडीपीओ, फरियादियों की परेशानी से बेपरवाह रवैया

विकास खण्ड कौशाम्बी में 11:30 बजे तक कार्यालय से नदारद मिले सीडीपीओ, फरियादियों की परेशानी से बेपरवाह रवैया


कौशाम्बी ब्यूरो। विकासखंड कौशाम्बी में अधिकारियों की समय से उपस्थिति को लेकर सामने आ रही शिकायतों के बीच बाल विकास परियोजना अधिकारी की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में आ गई है। शुक्रवार को सुबह 11:30 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में उपस्थित नहीं मिले। सरकारी कार्यालय में निर्धारित समय पर मौजूद रहने और आम लोगों की समस्याएं सुनने की जिम्मेदारी निभाने के बजाय अधिकारी की अनुपस्थिति ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाल विकास परियोजना अधिकारी से संपर्क कर उनकी अनुपस्थिति का कारण जानने का प्रयास किया गया तो उनका जवाब भी चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने कहा, “आपको बताना जरूरी नहीं समझते हैं।” इसके बाद उन्होंने बताया कि वह न तो कार्यालय में हैं और न ही फील्ड में, बल्कि मंझनपुर जा रहे हैं। अधिकारी का यह रवैया केवल कार्यालय में अनुपस्थिति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सवाल पूछे जाने पर जिस तरह की प्रतिक्रिया दी गई, उससे उनकी जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी करने पर पता चला कि संबंधित अधिकारी की दोपहर दो बजे बैठक निर्धारित थी। ऐसे में सुबह से ही कार्यालय में उनकी अनुपस्थिति और बैठक का हवाला देकर मंझनपुर जाने की बात को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की जरूरत है। इस संबंध में उच्च अधिकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी से भी बात की गई। उन्होंने बताया कि दोपहर दो बजे बैठक है और बैठक से पहले संबंधित अधिकारी को अपने ब्लॉक में रहना चाहिए। इस जवाब के बाद सुबह 11:30 बजे तक कार्यालय में उनकी अनुपस्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी का पद आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, विभागीय योजनाओं की निगरानी और लाभार्थियों से जुड़े कार्यों के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में अधिकारी की अनुपस्थिति का सीधा असर विभागीय कामकाज और अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले फरियादियों पर पड़ता है। स्थानीय स्तर पर विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।


यदि जिम्मेदार अधिकारी ही कार्यालय में उपलब्ध नहीं होंगे और शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों को संतोषजनक जवाब नहीं मिलेगा तो योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने की व्यवस्था कैसे प्रभावी होगी?
सरकारी पद पर बैठे अधिकारी जनता के प्रति जवाबदेह होते हैं। किसी नागरिक या पत्रकार के सवाल पर जवाबदेही से बचने वाला रवैया स्वीकार्य नहीं माना जा सकता। अब सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन बाल विकास परियोजना अधिकारी की समयबद्ध उपस्थिति, कार्यालय संचालन और फरियादियों के साथ व्यवहार की जांच कराएगा? जिलाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को कार्यालय की उपस्थिति तथा विभागीय कार्यप्रणाली का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आंगनबाड़ी व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित हो सके और फरियादियों को अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें।

RELATED ARTICLES

Most Popular