Homeदेश - विदेशजिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम सख्त, अस्पतालों में डॉक्टरों की...

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम सख्त, अस्पतालों में डॉक्टरों की समय से उपस्थिति और मरीजों को बेहतर इलाज देने के निर्देश

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम सख्त, अस्पतालों में डॉक्टरों की समय से उपस्थिति और मरीजों को बेहतर इलाज देने के निर्देश

कौशाम्बी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने बुधवार को उदयन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी और सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

जिलाधिकारी ने उप स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए चल रहे कार्यों में तेजी लाने तथा रिक्त पदों पर आशाओं का चयन और प्रशिक्षण जल्द पूरा कराने को कहा।

बैठक में मातृ मृत्यु और नवजात शिशु मृत्यु के मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उनके कारणों की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य को अवशेष निर्माण एवं अन्य कार्य शीघ्र पूरे कराने को कहा। परिवार कल्याण कार्यक्रमों में निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति लाने, 102 और 108 एंबुलेंस सेवाओं तथा गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीकरण की स्थिति में सुधार के निर्देश दिए।

नियमित टीकाकरण की समीक्षा में छूटे हुए बच्चों को ड्यूलिस्ट के आधार पर चिह्नित कर शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने और एचपीवी टीकाकरण अभियान में तेजी लाने पर जोर दिया। आभा आईडी और गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग में भी लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने पात्र लाभार्थियों के कार्ड प्राथमिकता से बनाने तथा जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जन्मजात दोष से ग्रसित चिह्नित बच्चों का शीघ्र उपचार कराने और ई-कवच पोर्टल पर फीडिंग में तेजी लाने को कहा।

बैठक में बताया गया कि जनपद की 132 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त हो चुकी हैं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. हरिओम सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

🔴 इसे भी पढ़ें

कौशाम्बी के दो ब्लॉकों में 19 नवंबर से फाइलेरिया उन्मूलन अभियान शुरू, 4.23 लाख लोगों को खिलाई जाएगी दवा

कौशाम्बी। फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए जनपद में 19 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक सामूहिक दवा सेवन अभियान (एमडीए/आईडीए) चलाया जाएगा। अभियान के तहत मूरतगंज और कनैली ब्लॉक के करीब 4 लाख 23 हजार लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवाएं खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जनपद के मूरतगंज, सिराथू, कनैली और नेवादा ब्लॉकों में 8 से 17 जून 2026 तक नाइट ब्लड सर्वे कराया गया था। सर्वे में मूरतगंज और कनैली में माइक्रो फाइलेरिया की दर एक प्रतिशत से अधिक मिली। इसी आधार पर इन दोनों ब्लॉकों में विशेष दवा सेवन अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान में एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी पात्र नागरिकों को निर्धारित आयु और लंबाई के अनुसार डीईसी, एल्बेंडाजोल और आइवरमेक्टिन की दवाएं खिलाई जाएंगी। दवाओं का सेवन ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर की मौजूदगी में कराया जाएगा।

अभियान के लिए 391 टीमें गठित की गई हैं। इनमें 782 ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर और 82 टीम सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। अनुमानित 4,23,102 लोगों के लिए डीईसी की 10,57,755, एल्बेंडाजोल की 4,23,102 और आइवरमेक्टिन की 10,57,755 गोलियों की व्यवस्था की गई है। संबंधित ब्लॉकों को दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण, ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक तथा दवा वितरकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। पूर्व अभियान में दवा सेवन से छूटे लोगों की सूची भी तैयार कराई गई है। फाइलेरिया रोगियों में से करीब 90 प्रतिशत का विवरण आईएचआईपी पोर्टल पर दर्ज किया जा चुका है।

अभियान को सफल बनाने के लिए ग्राम प्रधानों और पंचायत सदस्यों के माध्यम से माइकिंग व डुग्गी पिटवाकर प्रचार कराया जाएगा। कोटेदार राशन वितरण के दौरान लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करेंगे। स्कूलों, स्वयंसेवी संस्थाओं और नगरीय निकायों के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि स्वास्थ्यकर्मियों के सामने निर्धारित दवाओं का सेवन अवश्य करें और परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

🔴 इसे भी पढ़ें

जनगणना-2027 की स्वगणना के लिए ओसा में छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली, सीडीओ ने दिखाई हरी झंडी

कौशाम्बी। जनगणना-2027 के तहत संचालित स्वगणना प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को दुर्गा देवी इंटर कॉलेज, ओसा के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

इस अवसर पर सीडीओ ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति की वास्तविक तस्वीर सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाओं का निर्माण करती है और संसाधनों के बेहतर नियोजन का रास्ता तैयार होता है।

उन्होंने कहा कि स्वगणना के माध्यम से लोग स्वयं अपने और अपने परिवार की जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर सकते हैं। इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपने परिवार, आसपास के लोगों और समाज के अन्य सदस्यों को भी स्वगणना के लिए जागरूक करें।

रैली ओसा चौराहे से शुरू होकर जिला अस्पताल तक निकाली गई। छात्र-छात्राओं ने लोगों को जनगणना के महत्व और स्वगणना प्रक्रिया की जानकारी देते हुए सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वगणना को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति दूर करना रहा।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक एलबी मौर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

🔴 इसे भी पढ़ें

जनगणना-2027 के लिए 20 नवंबर को न्यायालयों में चलेगा जागरूकता अभियान, स्वगणना में भागीदारी की अपील

कौशाम्बी। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत संचालित स्वगणना अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए 20 नवंबर को जनपद में न्यायिक जागरूकता दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान जिला न्यायालय परिसर सहित विभिन्न न्यायिक संस्थानों, अधिकरणों और बार एसोसिएशनों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के तहत जिला न्यायाधीश और अन्य न्यायिक अधिकारियों के साथ सामूहिक फोटो कार्यक्रम के अलावा न्यायालय परिसरों में स्वगणना से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों और आम नागरिकों को स्वगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

अभियान के माध्यम से लोगों से अपील की जाएगी कि वे स्वयं अपने परिवार की जानकारी स्वगणना प्रक्रिया के तहत दर्ज करें और आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।

स्वगणना की ऑनलाइन सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल **https://se.census.gov.in\*\* पर जाकर घर बैठे अपने परिवार का विवरण दर्ज किया जा सकता है।

जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और भविष्य की नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। प्रशासन ने आमजन से इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।

🔴 इसे भी पढ़ें

कौशाम्बी के रोजगार मेले में 35 कंपनियों ने 947 अभ्यर्थियों का किया प्राथमिक चयन, 1635 युवाओं ने लिया हिस्सा

कौशाम्बी। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मंझनपुर परिसर में वृहद रोजगार मेला आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश मिशन रोजगार के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित मेले का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 35 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें कुल 1635 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि कंपनियों की ओर से 947 अभ्यर्थियों के प्राथमिक चयन की प्रक्रिया पूरी की गई। मेले में विभिन्न कंपनियों ने अपनी आवश्यकतानुसार युवाओं का साक्षात्कार और चयन किया।

कंपनियों में टाटा फिएट ने 55, मदरसन ने 48, लावा मोबाइल ने 15, श्री रमेश होंडा ने पांच, श्री रमेश चैरिटेबल एवं रिसर्च सेंटर ने पांच, प्राइम कनेक्ट सर्विसेज ने 59, रॉकमैन इंडस्ट्रीज ने 18, वोडाफोन ने 17, भारतीय जीवन बीमा निगम ने 18, मारुति ने 83, मासा एचआर सॉल्यूशन ने 47, एयरटेल ने 59 और एलीमेट ने 29 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया। अन्य कंपनियों ने भी युवाओं का चयन किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने युवाओं से उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, निवर्तमान विधायक लाल बहादुर, कौशल विकास मिशन से दीपक मौर्य, योगेंद्र शुक्ला, शिवनरेश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

🔴 इसे भी पढ़ें

जिला स्तरीय युवा उत्सव में कौशाम्बी के युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, लोकगीत, लोकनृत्य और नुक्कड़ नाटक में कड़ा कॉलेज अव्वल

कौशाम्बी। युवाओं की सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से बुधवार को डायट प्रशिक्षण हाल, मंझनपुर में जिला स्तरीय युवा उत्सव (कल्चरल ट्रैक) आयोजित किया गया। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर और विधायक पूजा पाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उत्सव में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए प्रतिभागियों ने लोकगीत, लोकनृत्य, पेंटिंग, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में धर्मा देवी इंटर कॉलेज, कड़ा के प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन में अर्चना देवी प्रथम और संजना देवी द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में इसी विद्यालय की छात्रा अंशिका अग्रहरि ने नशा मुक्ति विषय पर आकर्षक पेंटिंग बनाकर पहला स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी अपनी रचनात्मक क्षमता को निखारने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी अंशु मिश्रा, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कड़ा सौरभ आर्य, स्वाती पाण्डेय, नाजुक जहां और अभिषेक सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।

🔴 इसे भी पढ़ें

सड़क सुरक्षा पखवाड़े में छात्रों को यातायात नियमों का पाठ, हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल पर दिया जोर

कौशाम्बी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए बुधवार को डॉ. रिजवी कॉलेज, करारी में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 16 से 30 नवंबर तक चल रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सुरक्षित वाहन संचालन और यातायात नियमों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में डॉ. संतोष कुमार तिवारी ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और सड़क दुर्घटनाओं में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की बड़ी संख्या प्रभावित होती है। यदि युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए तो दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही वाहन चलाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करें।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी तारकेश्वर मल्ल ने छात्रों को ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी है।

प्रधानाचार्य ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई और परिवहन विभाग की ओर से जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।

इस दौरान परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारियों ने टेंपो, टैक्सी, ई-रिक्शा और बस यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर वाहनों को निर्धारित स्टैंड और स्थानों पर ही खड़ा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित स्थलों के अलावा अन्य स्थानों पर वाहन खड़े करने या यातायात बाधित करने पर मोटरयान अधिनियम, 1988 के तहत चालान और अन्य प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए वाहन चालक और स्वामी जिम्मेदार होंगे।

परिवहन विभाग ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

RELATED ARTICLES

Most Popular