
28 सितंबर 2026
उत्तर प्रदेश। अमर क्रांतिकारी भगत सिंह की 119वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं के नाम विशेष संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखी अपनी ‘पाती’ में भगत सिंह के साहस, राष्ट्रनिष्ठा और मातृभूमि के लिए किए गए बलिदान को युवाओं के लिए प्रेरणा बताया।मुख्यमंत्री ने कहा कि मात्र 23 वर्ष की आयु में भगत सिंह ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी जयंती राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्प को नई ऊर्जा देने का अवसर है। उन्होंने युवाओं से जाति-पाति, नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से मुक्ति के लिए भगत सिंह के अदम्य साहस और राष्ट्रनिष्ठा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।सीएम योगी ने युवाओं से ज्ञान को अपनी शक्ति बनाने, सीखने की ललक बनाए रखने और संकल्प को कर्म से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब ज्ञान को कौशल, कौशल को संकल्प और संकल्प को कर्म से जोड़ा जाएगा, तब उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी।मुख्यमंत्री ने युवाओं से ज्ञानवान, संस्कारवान और समर्थवान उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह का जीवन देश के प्रति समर्पण, साहस और कर्तव्यबोध की प्रेरणा देता है। उनकी जयंती पर युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज और प्रदेश के निर्माण में सक्रिय योगदान का संकल्प लेना चाहिए।


