कौशाम्बी की बेटी हर्षिता ने कुश्ती में जीता स्वर्ण, सम्मान से बढ़ा जिले का गौरव
कौशाम्बी ब्यूरो। जिले की बेटी और उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला पहलवान कुमारी हर्षिता सिंह ने कुश्ती के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर जनपद का गौरव बढ़ाया है। हरियाणा के करनाल में आयोजित 75वीं अखिल भारतीय कुश्ती क्लस्टर प्रतियोगिता में हर्षिता ने राजस्थान पुलिस की महिला पहलवान को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।इस उपलब्धि पर बुधवार को रत्नावली सभागार में अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने हर्षिता सिंह का स्वागत और अभिनंदन किया। उन्हें सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया गया।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हर्षिता की सफलता मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उनकी उपलब्धि जिले की अन्य बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी। खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही महिला खिलाड़ियों के लिए ऐसी सफलताएं नए उत्साह का आधार बनती हैं।इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अरुण केसरवानी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशीष केसरवानी, महेश लोधी, रमेश पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



