जिला अस्पताल में डॉक्टर के आवास से छह लाख की चोरी का खुलासा, हापुड़ और बागपत के दो आरोपी गिरफ्तार, तीन लाख नकद व लाखों के जेवर बरामद
कौशाम्बी। जिला अस्पताल परिसर स्थित डॉक्टर के सरकारी आवास में हुई छह लाख रुपये की चोरी का मंझनपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने हापुड़ और बागपत निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के तीन लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, अवैध तमंचा और वारदात में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कई जनपदों में चोरी और अन्य आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मंझनपुर थाना क्षेत्र के जिला अस्पताल परिसर स्थित आवास में रहने वाले चिकित्सक डॉ. रमेश चन्द्र यादव के घर 13 नवंबर को चोरी हुई थी। चिकित्सक के मुताबिक घटना के समय आवास में कोई मौजूद नहीं था और घर में ताला बंद था। दोपहर 2:55 बजे उन्हें घर का ताला टूटने की जानकारी मिली। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला भी टूटा था। चोर करीब छह लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। मामले में थाना मंझनपुर में मुकदमा अपराध संख्या 510/2026 दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटा रही थी। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल दो आरोपी सफेद वैगनआर कार से जीआईसी कॉलेज भेलखा के पास खड़े हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो कार सवार दोनों व्यक्ति भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीजान निवासी जनपद हापुड़ और शादकर अहमद निवासी ग्राम दाह, थाना दोघट, जनपद बागपत के रूप में हुई। तलाशी में उनके पास से तीन लाख रुपये नकद, एक मंगलसूत्र, दो फैंसी टॉप्स, दो लॉकेट और एक कान का झाला समेत करीब 19.370 ग्राम सोने के आभूषण तथा 266 ग्राम चांदी की दो जोड़ी पायल बरामद हुईं। इसके अलावा 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे का औजार और सफेद वैगनआर कार मिली।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 12 नवंबर को वे अपने दो अन्य साथियों के साथ चोरी के इरादे से मंझनपुर आए थे। डॉक्टरों की सरकारी आवासीय कॉलोनी में रेकी के दौरान बंद पड़े आवास को चिन्हित किया। इसके बाद हाईवे स्थित होटल में रुक गए। अगले दिन दोबारा अस्पताल परिसर पहुंचकर आवास का ताला तोड़ा और अलमारी से नकदी व आभूषण चोरी कर लिए। बाद में कार के पास पहुंचकर रास्ते में चोरी का सामान आपस में बांट लिया। आरोपियों ने कॉलोनियों में बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार अलीजान के खिलाफ हापुड़, बांदा, कानपुर नगर, गाजियाबाद, संभल और गौतमबुद्ध नगर समेत कई जनपदों में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। शादकर अहमद के खिलाफ भी नोएडा और गाजियाबाद में चोरी तथा आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में थाना मंझनपुर पुलिस, सीडब्ल्यूआई, एसओजी और सर्विलांस टीम शामिल रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


