Homeकारोबार19 नवंबर को कौशाम्बी में लगेगा वृहद रोजगार मेला, 35 से अधिक...

19 नवंबर को कौशाम्बी में लगेगा वृहद रोजगार मेला, 35 से अधिक कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन

19 नवंबर को कौशाम्बी में लगेगा वृहद रोजगार मेला, 35 से अधिक कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन

कौशाम्बी ब्यूरो। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 19 नवंबर को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश मिशन रोजगार के तहत आयोजित होने वाले इस मेले में देश की 35 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। कंपनियों के प्रतिनिधि विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और चयन करेंगे। रोजगार मेले की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने विकास भवन परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि रोजगार मेले का आयोजन 19 नवंबर को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), मंझनपुर में पुलिस लाइन के समीप किया जाएगा। इसमें निजी क्षेत्र की 35 से अधिक कंपनियां अपनी आवश्यकता के अनुसार योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। प्रतिभाग करने वाली प्रमुख कंपनियों में एलएंडटी, टाटा फिएट, यजाकी इंडिया, टाटा मोटर्स, एसआईएस सिक्योरिटी, एमीग्रियेशन सिक्योरिटी, भारतीय जीवन बीमा निगम, एयरटेल, वोडाफोन, सुब्रोस, श्री रमेश होंडा, श्री रमेश चन्द्र चैरिटेबल ट्रस्ट एवं फार्मेसी तथा कौशाम्बी उषा नर्सिंग सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं।

इस रोजगार मेले की खास बात यह है कि इसमें केवल उच्च शिक्षित युवाओं को ही नहीं, बल्कि कम शैक्षिक योग्यता और तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को भी अवसर दिया जाएगा। न्यूनतम आठवीं कक्षा उत्तीर्ण से लेकर हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा और विभिन्न कौशल प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं।

इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों, अन्य आवश्यक अभिलेखों और बायोडाटा के साथ आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों में नौकरी पाने के अवसर उपलब्ध होंगे। प्रचार अभियान के जरिए जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों तक इसकी सूचना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर कौशल विकास मिशन के एमआईएस प्रबंधक योगेन्द्र शुक्ला सहित विकास भवन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular