यातायात माह में कौशाम्बी पुलिस की सख्ती, 578 वाहनों का ई-चालान, एक वाहन सीज
होटल संचालकों, ट्रैक्टर चालकों और वाहन स्वामियों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, वाहनों पर लगवाए गए रिफ्लेक्टिव टेप
कौशाम्बी। यातायात माह के तहत सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कौशाम्बी पुलिस ने जनपदभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 578 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि एक वाहन को सीज कर दिया गया।
अभियान के दौरान सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रमुख मार्गों तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर वाहनों की जांच की। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने के साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक भी किया।
इसी क्रम में यातायात प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ राजा होटल और देवानन्द होटल पहुंचकर वहां खड़े वाहनों के चालकों, होटल संचालकों तथा ट्रैक्टर चालकों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगवाए गए और चालकों को बताया गया कि रात के समय तथा कम दृश्यता की स्थिति में रिफ्लेक्टिव टेप दुर्घटनाओं से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पुलिस टीम ने ट्रैक्टर चालकों को रेलवे क्रॉसिंग और सड़क के अन्य क्रॉसिंग पार करते समय विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी। उन्हें समझाया गया कि दोनों तरफ से आने वाले वाहनों की स्थिति अच्छी तरह देखने और रास्ता सुरक्षित होने की पुष्टि करने के बाद ही वाहन आगे बढ़ाएं।
इसके अलावा वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, तेज रफ्तार से बचने और सड़क पर जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की गई।
कौशाम्बी पुलिस ने आमजन से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की है। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।
पुलिस का कहना है कि यातायात माह के दौरान कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों का सफर सुरक्षित बनाया जा सके।


