उत्तर प्रदेश 01 अक्टूबर 2026
साइबर ठगों के नौ हथकंडों से सावधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण
कौशाम्बी । साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए बुधवार को ब्लॉक मीटिंग हॉल मंझनपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साइबर फ्रॉड से बचाव संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कोतवाली मंझनपुर के उपनिरीक्षक दिलीप कुमार यादव, कांस्टेबल महेश और कांस्टेबल तेजपाल सिकरवार ने दिया।प्रशिक्षण में बताया गया कि साइबर अपराधी बैंक अधिकारी बनकर केवाईसी या खाता बंद होने का डर दिखाकर ओटीपी हासिल करते हैं। इसके अलावा व्हाट्सऐप पर अनजान लिंक या एपीके भेजकर मोबाइल में सेंध लगाने, ओटीपी और यूपीआई पिन के जरिए रकम निकालने, सरकारी योजनाओं के नाम पर फर्जी आवेदन कराने, सोशल मीडिया अकाउंट हैक करने तथा लॉटरी और इनाम का झांसा देकर ठगी करने जैसे तरीके अपनाए जाते हैं।अधिकारियों ने QR कोड के जरिए होने वाली ठगी, सीबीआई, ईडी या पुलिस अधिकारी बनकर वीडियो कॉल पर डराने वाले डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों तथा ऑनलाइन खरीद-बिक्री में एडवांस रकम के नाम पर होने वाले फ्रॉड से भी सावधान किया।आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बताया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ग्रामीणों को ओटीपी और यूपीआई पिन किसी से साझा न करने, अनजान लिंक नहीं खोलने तथा लालच में आकर भुगतान नहीं करने के लिए जागरूक करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना देने और साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी मंझनपुर रामेश्वर पाल, मुख्य सेविका मंजू सिंह, अंजू देवी, अनामिका, अलका देवी समेत बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं। सीडीपीओ ने सभी कार्यकर्ताओं से ग्रामीणों तक साइबर सुरक्षा की जानकारी पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही 1 अक्टूबर से आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन का समय सुबह 10 बजे से होने की जानकारी दी गई।


