Homeबड़ी ख़बरेंचायल के पूर्व बसपा विधायक दयाराम पासी का निधन, 76 वर्ष की...

चायल के पूर्व बसपा विधायक दयाराम पासी का निधन, 76 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक से थमी सांसें, जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर

चायल के पूर्व बसपा विधायक दयाराम पासी का निधन, 76 वर्ष की उम्र में हार्ट अटैक से थमी सांसें, जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर

कौशाम्बी। चायल विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधायक दयाराम पासी का शुक्रवार सुबह 76 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। हार्ट अटैक से उनके निधन की खबर मिलते ही जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन से समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त है। लंबे समय तक चायल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले दयाराम पासी की पहचान क्षेत्र के वरिष्ठ राजनीतिक चेहरे के रूप में रही।

दयाराम पासी ने वर्ष 2002 और 2007 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लगातार दो बार बसपा के टिकट पर चायल विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। वर्ष 2002 में उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी राधेश्याम भारती को पराजित कर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत हासिल कर लगातार दूसरी बार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इस तरह उन्होंने चायल की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से बसपा के आसिफ जाफरी निर्वाचित हुए थे।

दयाराम पासी अपने सरल स्वभाव, सहज व्यवहार और सादगीपूर्ण जीवनशैली के लिए जाने जाते थे। राजनीतिक जीवन के दौरान उनका क्षेत्र के लोगों से जुड़ाव रहा। उनके निधन की खबर से राजनीतिक कार्यकर्ताओं, समर्थकों और परिचितों में शोक का माहौल है। उनके परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके इकलौते पुत्र अधिवक्ता आशीष पासी, पुत्रवधू एवं भरवारी नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष कविता पासी सहित अन्य परिजन शोकाकुल हैं।

पूर्व विधायक के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित अन्य नेताओं ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। नेताओं ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

पूर्व विधायक दयाराम पासी का अंतिम संस्कार शनिवार को उनके पैतृक गांव चमरूपुर में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों के पहुंचने की उम्मीद है। उनके निधन से चायल विधानसभा क्षेत्र ने अपना एक पूर्व जनप्रतिनिधि खो दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular