Homeखेलबसुहार में दो दिवसीय ऐतिहासिक इनामी दंगल 4 व 5 अक्टूबर को,...

बसुहार में दो दिवसीय ऐतिहासिक इनामी दंगल 4 व 5 अक्टूबर को, देशभर के पहलवानों का जुटेगा जमघट

बसुहार में दो दिवसीय ऐतिहासिक इनामी दंगल 4 व 5 अक्टूबर को, देशभर के पहलवानों का जुटेगा जमघट

कौशाम्बी ब्यूरो। कौशाम्बी के बसुहार ग्राम में वर्षों से चली आ रही पौराणिक एवं ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी दो दिवसीय इनामी दंगल का आयोजन किया जाएगा। नवमी और दशमी के अवसर पर आयोजित होने वाला यह दंगल 4 अक्टूबर रविवार से शुरू होकर 5 अक्टूबर सोमवार तक चलेगा। दंगल को लेकर ग्रामीणों और क्षेत्रीय कुश्ती प्रेमियों में खासा उत्साह है।ग्राम प्रधान तीरथराज सिंह ने बताया कि बसुहार का यह दंगल केवल कुश्ती प्रतियोगिता ही नहीं, बल्कि गांव की पुरानी परंपरा और लोक संस्कृति से जुड़ा आयोजन है। वर्षों से यहां दंगल का आयोजन होता चला आ रहा है, जिसमें आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी नामी पहलवान पहुंचकर अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन करते हैं। इस बार भी दंगल को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है।आयोजन में क्षेत्रीय पहलवानों के साथ बाहरी पहलवानों को भी आमंत्रित किया गया है। दंगल में अलग-अलग मुकाबलों के साथ इनामी कुश्तियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी। पहलवानों के बीच होने वाले रोमांचक मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। ग्रामीण क्षेत्र में कुश्ती के प्रति युवाओं और खेल प्रेमियों के उत्साह को देखते हुए आयोजन समिति ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।बसुहार के इस पारंपरिक दंगल की खासियत यह भी रही है कि इसमें महिला पहलवानों की भागीदारी भी देखने को मिलती है। पुरुष पहलवानों के साथ महिला पहलवान भी अखाड़े में उतरकर अपनी कुश्ती प्रतिभा का प्रदर्शन करती हैं। इससे दंगल को लेकर युवाओं के साथ-साथ महिलाओं और बच्चों में भी विशेष उत्सुकता बनी रहती है।दंगल संचालक शीतला प्रसाद मिश्र और व्यवस्थापक ग्राम प्रधान तीरथराज सिंह ने बताया कि बाहर से आने वाले पहलवानों तथा महिला पहलवानों के लिए ठहरने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं आयोजन समिति की ओर से कराई जाएंगी। पहलवानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने का काम किया जा रहा है।आयोजकों ने क्षेत्रीय एवं बाहरी पहलवानों से दंगल में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इनामी कुश्तियों में भाग लेने का आह्वान किया है। वहीं ग्रामीणों ने भी पारंपरिक दंगल को सफल बनाने और अधिक से अधिक दर्शकों को जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। 4 और 5 अक्टूबर को बसुहार का अखाड़ा पहलवानों के दांव-पेंच और जोरदार मुकाबलों का गवाह बनेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular