मथुरा भ्रमण से लौट रही सिराथू के ओरिएंटल स्कूल की बस कन्नौज में हादसे का शिकार, चार छात्रों की मौत, कई घायल
कौशाम्बी ब्यूरो। कौशाम्बी जनपद के सिराथू स्थित ओरिएंटल स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए मथुरा का भ्रमण दर्दनाक हादसे में बदल गया। करीब 50 से 60 छात्राओं और शिक्षकों को लेकर मथुरा गई स्कूल बस वापसी के दौरान कन्नौज में भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पीछे से आए ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार छात्रों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए।
यह दुर्घटना ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 209 पर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रधानाचार्य और एक छात्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर हायर सेंटर रेफर किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायल छात्राओं का हाल जाना और उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कौशाम्बी के स्कूली बच्चों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे की खबर से जिले में शोक और चिंता का माहौल है।


