पुलिस झंडा दिवस पर एसपी सत्यनारायण ने फहराया पुलिस ध्वज, जनपद के सभी थानों और कार्यालयों में हुआ आयोजन
कौशाम्बी ब्यूरो। उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास और शौर्य की प्रतीक पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। इस दौरान उन्होंने पुलिस ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिवस के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी।
एसपी ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज विभाग के गौरवशाली इतिहास, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। यह ध्वज प्रत्येक पुलिसकर्मी को स्वाभिमान के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा नई ऊर्जा और उत्साह के साथ जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने बताया कि 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को उसके शौर्य और सेवाओं के सम्मान में पुलिस कलर प्रदान किया था। तभी से प्रतिवर्ष 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपनी वर्दी की बाईं जेब के ऊपर पुलिस ध्वज का प्रतीक चिह्न धारण करते हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने पुलिस कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी कार्यालयों, थानों और अन्य पुलिस कार्यालयों में भी संबंधित अधिकारियों की अगुवाई में पुलिस ध्वज फहराया गया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक का संदेश पढ़कर सुनाया गया।


