आंवले की बाग में आधी रात को खूनी संघर्ष, युवक को गोली मारकर किया गंभीर घायल, चार नामजद में तीन आरोपी गिरफ्तार
कौशाम्बी ब्यूरो। करारी थाना क्षेत्र के मीरकुंडी गांव में रविवार की रात आंवले की बाग में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गई। इसी दौरान चली गोली सुरेश कुमार पुत्र रामकृपाल को जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। अचानक हुई फायरिंग से गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे मीरकुंडी गांव की आंवले की बाग में किसी बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। गाली-गलौज और मारपीट के बीच गोली चल गई, जो सुरेश कुमार को लगी। गोली की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घायल की हालत देखकर परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची करारी पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल स्थित मेडिकल कॉलेज मंझनपुर में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने घायल की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। क्षेत्राधिकारी शिवांक सिंह के मुताबिक, पुलिस ने देर रात दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़े
सिराथू में सरेराह दबंगई का वीडियो वायरल, रजिस्ट्री कार्यालय के सामने युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा, तमाशबीन बनी रही भीड़
कौशाम्बी ब्यूरो। सैनी थाना क्षेत्र के सिराथू कस्बे में रजिस्ट्री कार्यालय के सामने सरेआम मारपीट की घटना ने लोगों को सकते में डाल दिया। कई युवकों ने एक व्यक्ति को कार के पास घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ हाथ छोड़ने लगे। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट का किसी ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कस्बे में घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
वायरल वीडियो में युवकों का एक समूह कार के पास एक व्यक्ति को घेरकर उसकी पिटाई करता दिखाई दे रहा है। हमलावर लगातार युवक पर हाथ चला रहे हैं। इस दौरान आसपास लोगों की भारी भीड़ मौजूद है। कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश करते नजर आते हैं, जबकि कई लोग खड़े होकर पूरी घटना देखते रहते हैं। व्यस्त सार्वजनिक स्थान पर इस तरह युवक को घेरकर पीटने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और अराजक तत्वों के बढ़ते हौसले पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि घटना सिराथू कस्बे में रजिस्ट्री कार्यालय के सामने की है। हालांकि मारपीट की असली वजह क्या थी और दोनों पक्षों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले में संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करने वाले लोगों की पहचान कर पुलिस कितनी जल्द उनके खिलाफ कार्रवाई करती है।


