जमीनजमीन के लालच में सगे भाई की गला घोंटकर हत्या, भाभी ने शौच के बहाने खेत में बुलाया; बड़े भाई और ससुर के साथ मिलकर रची थी साजिश थी साजिश
कौशाम्बी ब्यूरो। जमीन के लालच में रिश्तों का कत्ल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सैनी थाना क्षेत्र के रसूलपुर मड़ियामई गांव में तालाब किनारे झाड़ियों में मिले किशोर छोटू की हत्या किसी अनजान व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके अपने ही परिवार के लोगों ने की थी। पुलिस के खुलासे के मुताबिक, छोटू के नाम दर्ज जमीन को हड़पने के लिए उसके सगे बड़े भाई राजेश्वर उर्फ टूल्ली ने अपनी पत्नी निशा देवी और ससुर कमलेश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। वारदात को अंजाम देने के लिए भाभी निशा ने छोटू को शौच जाने के बहाने गांव के बाहर खेतों में बुलाया, जहां पहले से मौजूद दोनों आरोपियों के साथ मिलकर गमछे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव तालाब के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
22 नवंबर 2026 की सुबह रसूलपुर मड़ियामई गांव के बाहर तालाब के पास झाड़ियों में एक किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान छोटू पुत्र स्वर्गीय रामलखन के रूप में हुई। सूचना पर सैनी थाना पुलिस के साथ फील्ड यूनिट, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। मृतक की मां की तहरीर पर थाना सैनी में मुकदमा संख्या 382/2026 धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने हत्याकांड के शीघ्र खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और ग्रामीणों से पूछताछ के जरिए जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मृतक की भाभी निशा देवी की भूमिका सामने आई। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर राजेश्वर उर्फ टूल्ली पुत्र स्वर्गीय रामलखन, उसकी पत्नी निशा देवी और निशा के पिता कमलेश पुत्र शंकर निवासी ग्राम आंबी, थाना हुसैनगंज, जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया।
जमीन बनी हत्या की वजह, बड़े भाई ने ही छोटे भाई को रास्ते से हटाने की रची साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आई कहानी ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। पुलिस के मुताबिक, राजेश्वर रोजगार के सिलसिले में लुधियाना में रहता था, जबकि उसका छोटा भाई छोटू, पत्नी निशा और मां गांव में रहते थे। राजेश्वर 20 नवंबर को लुधियाना से रवाना होकर अपनी ससुराल फतेहपुर के ग्राम आंबी पहुंचा था। छोटू के नाम जमीन दर्ज होने के कारण उस पर कब्जा करने का लालच राजेश्वर के मन में था। इसी उद्देश्य से उसने अपनी पत्नी निशा और ससुर कमलेश के साथ मिलकर छोटे भाई की हत्या की योजना बनाई।
भाभी ने भरोसे में लेकर खेत तक पहुंचाया, सुनसान जगह पर घोंटा गला
पुलिस के अनुसार, साजिश के तहत 21 नवंबर की रात निशा देवी ने छोटू को शौच जाने के बहाने अपने साथ गांव के बाहर खेतों की ओर चलने के लिए कहा। छोटू अपनी भाभी के साथ खेतों की तरफ चला गया। वहां सुनसान स्थान पर राजेश्वर और कमलेश पहले से मौजूद थे। तीनों ने मिलकर गमछे से छोटू का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को तालाब के पास झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि घटना का पता देर से चले और पहचान तथा जांच में मुश्किल हो।
हत्या के बाद भी घर लौटकर सामान्य व्यवहार करती रही भाभी
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद राजेश्वर और कमलेश वापस फतेहपुर चले गए, जबकि निशा देवी घर लौट आई। उसने छोटू के लापता होने की सूचना देकर घटना से अनजान होने का आभास कराने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की जांच में कॉल डिटेल, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और पूछताछ के दौरान सामने आई कड़ियों ने कथित साजिश का पर्दाफाश कर दिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल गमछा भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हत्याकांड का खुलासा थाना सैनी पुलिस टीम ने किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस वारदात में सबसे विचलित करने वाली बात यह है कि जमीन के लालच में एक किशोर की जान लेने की साजिश में उसका अपना सगा भाई, भाभी और भाभी का पिता शामिल बताए गए हैं। जिस भाभी पर परिवार के सदस्य की तरह उसकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी ने उसे सुनसान खेत तक पहुंचाने में भूमिका निभाई। अब मामले में पुलिस की ओर से जुटाए गए साक्ष्यों और आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की न्यायिक जांच होगी।


